spot_img
Homeमुंबईभोलेनाथ के दरबार में भक्तों की भीड़, प्रमुख मंदिरों में रात तक...

भोलेनाथ के दरबार में भक्तों की भीड़, प्रमुख मंदिरों में रात तक चला अभिषेक

मुंबई (सं.भा.): महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुंबई महानगर आस्था, भक्ति और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से सराबोर नजर आया। शहर और उपनगरों के शिवालयों में तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। शिवलिंग पर दूध, दही, शहद, घी और शक्कर से बने पंचामृत के साथ गन्ना रस, नारियल पानी, फल-रस, भस्म, भांग और चंदन अर्पित किए गए। अधिकांश मंदिरों में सुबह लगभग 4:30 बजे से शुरू हुआ अभिषेक रात तक जारी रहा।

बाबुलनाथ मंदिर में भक्तों का सैलाब

दक्षिण मुंबई के गिरगांव स्थित प्राचीन बाबुलनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर भारी भीड़ उमड़ी। शनिवार देर रात से ही जलाभिषेक प्रारंभ हो गया था। रविवार को देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस और मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की।

चारकोप के पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में विशेष आकर्षण

कांदिवली पश्चिम, भाब्रेकर नगर स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति माने जाने वाले इस शिवालय में दिनभर अभिषेक और पूजा-अर्चना का क्रम चला।

पवई के सुवर्णा रुंडमालिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की कतार

पवई के पंचकुटीर स्थित सुवर्णा रुंडमालिनी मंदिर में तड़के से ही भक्तों की कतारें लग गईं। दक्षिण भारतीय शैली में बने इस मंदिर में विधिवत पूजा के बाद गर्भगृह खोला गया।

मढ़ के किलेश्वर महादेव मंदिर में परंपरागत उत्साह

मालाड पश्चिम, मढ़ गांव स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर किलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सैकड़ों वर्ष पुराने इस मंदिर में सुबह से रात तक जलाभिषेक चलता रहा।

नीलकंठ महादेव मंदिर में शिवभक्तों का तांता

गणेश नगर के नीलकंठ नगर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर भक्तों की उल्लेखनीय भीड़ देखी गई। सुबह से ही श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए कतारबद्ध रहे। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। तुंगारेश्वर मंदिर में भी उमड़ी श्रद्धा वसई स्थित तुंगारेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचे। जंगल क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद भक्तों का उत्साह देखते ही बना। महाशिवरात्रि के अवसर पर शहरभर के शिवालयों में श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति का अद्भुत संगम दिखाई दिया। सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com