उद्धव गुट के प्रति जताई निष्ठा, अफवाहों पर विराम
दहिसर(स भा): मुंबई जिला बैंक के निदेशक पद पर शिवसेना (ठाकरे गुट) की पूर्व नगरसेविका तेजस्वी अभिषेक घोसालकर की नियुक्ति के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की तेज़ अटकलें लगाई जा रही थीं। इन अटकलों पर अब तेजस्वी घोसालकर ने स्वयं विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वह भाजपा में शामिल नहीं हो रही हैं, और वह पहले भी ठाकरे गुट में थीं तथा अभी भी उद्धव ठाकरे के साथ ही हैं।
“निर्णय को राजनीतिक रंग देना गलत”: तेजस्वी
तेजस्वी घोसालकर ने इन अफवाहों को दरकिनार करते हुए अपने बयान में कहा, “मेरे पति अभिषेक घोसालकर के रिक्त पड़े मुंबई जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के निदेशक पद पर मुझे सर्वसम्मति से चुने जाने के लिए मैं बैंक के अध्यक्ष प्रवीण दरेकर और सभी निदेशक मंडल का दिल से धन्यवाद करती हूँ।” उन्होंने यह भी बताया कि एक साल पहले ही उन्होंने और उनके ससुर विनोद घोसालकर ने दरेकर से मिलकर इस बारे में निवेदन किया था।
उन्होंने इस नियुक्ति को राजनीतिक चश्मे से देखने को गलत बताया। तेजस्वी ने जोर देकर कहा, “सहकारिता में राजनीतिक पार्टियों को बाहर रखकर काम करना ही असली सहकार धर्म है, इसलिए इस निर्णय को राजनीतिक दृष्टि से देखना बिल्कुल गलत होगा।” उन्होंने इस पद को अपने सहकारिता क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और पहला अध्याय बताया। तेजस्वी ने विश्वास दिलाया कि वह अपने परिवार द्वारा अब तक कमाए गए अनुभव और अभिषेक के साथ रहकर मिले ज्ञान का उपयोग कर अच्छा काम करेंगी।


