spot_img
Homeउत्तर प्रदेशकिराएदार ही निकली मकान मालिक की दुश्मन

किराएदार ही निकली मकान मालिक की दुश्मन

 फतेहपुर में 10 लाख की चोरी का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

फतेहपुर(स भा): कल्यानपुर थाना क्षेत्र में 17 जून को हुई एक बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि इस चोरी की पूरी साजिश घर में रह रही किराएदार पूनम पाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।


पुलिस की जांच में सामने आया है कि पूनम ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले घर की रेकी की और फिर मौका पाकर ताले तोड़कर घर में रखे कीमती जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दिन, यानी 17 जून को दोपहर करीब 1:45 से 2:30 बजे के बीच, पूनम पाल, हिमांशु और सोनू निषाद ने वादिनी के घर की निगरानी की। वहीं, गोलू लोहार और नीरज उर्फ पत्तर ने घर के मुख्य दरवाजे और बक्सों के ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
लगातार सुरागकशी और मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 21 और 22 जून को चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी गए कीमती जेवरात और 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए। हालांकि, इस पूरे मामले की मुख्य अभियुक्त पूनम पाल अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com