spot_img
Homeमुंबईछठी लाइन का फायदा दिखा असर में पश्चिम रेलवे पर लोकल सेवाओं...

छठी लाइन का फायदा दिखा असर में पश्चिम रेलवे पर लोकल सेवाओं में इजाफा, भीड़ होगी कम

मुंबई (सं.भा.): रोज़ाना लाखों यात्रियों का सफर आसान बनाने की दिशा में पश्चिम रेलवे को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से चल रहे कांदिवली–बोरीवली छठी रेलवे लाइन के कार्य के पूरा होते ही लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। इसी कड़ी में पश्चिम रेलवे ने फरवरी की शुरुआत से चार नई लोकल सेवाएं शुरू की हैं, जबकि इसी महीने के अंत तक चार और लोकल सेवाएं बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, 1 फरवरी से 12 कोच वाली चार नॉन-एसी लोकल सेवाएं शुरू की गई हैं। इन सेवाओं के जुड़ने से पश्चिम रेलवे पर कुल लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 1410 हो गई है, जो पहले 1406 थी। अधिकारियों का कहना है कि फरवरी के अंत तक चार और लोकल सेवाएं शुरू होते ही यह संख्या 1414 तक पहुंच जाएगी। कांदिवली और बोरीवली के बीच छठी लाइन के कमीशन होने से रेल संचालन में बड़ा सुधार देखने को मिला है। इसके चलते बोरीवली और बांद्रा टर्मिनस के बीच लंबी दूरी की ट्रेनों को पांचवीं और छठी लाइन पर स्थानांतरित किया गया है। इससे लोकल ट्रेनों के लिए मौजूदा पटरियों पर अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध हो पाए हैं और समय-सारिणी में स्थिरता आई है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि नई लोकल सेवाओं के शुरू होने से पीक आवर्स में यात्रियों की भीड़ कम होगी और सफर अधिक सुगम बनेगा। खासकर कांदिवली, बोरीवली, अंधेरी और बांद्रा जैसे भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर इसका सीधा लाभ यात्रियों को मिलेगा। पश्चिम रेलवे का कहना है कि आने वाले समय में इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के साथ लोकल सेवाओं में और बढ़ोतरी की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि बढ़ते यात्री दबाव को संतुलित किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com