spot_img
Homeमुंबईबीएमसी सभागृह का विस्तार, मनोनीत नगरसेवकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय

बीएमसी सभागृह का विस्तार, मनोनीत नगरसेवकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय

मुंबई (सं.भा.): मुंबई महानगरपालिका के सभागृह में इस वर्ष राजनीतिक प्रतिनिधित्व और मजबूत होने जा रहा है। प्रशासन ने मनोनीत नगरसेवकों की संख्या पांच से बढ़ाकर दस करने का निर्णय लिया है, जिससे सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को अतिरिक्त नामनिर्देशित सदस्यों को भेजने का अवसर मिलेगा।

अब तक मनपा में केवल पांच नामनिर्देशित नगरसेवक होते थे, लेकिन इस फैसले के बाद उनकी संख्या दोगुनी हो जाएगी। इसका सीधा असर राजनीतिक दलों के संतुलन और सभागृह की कार्यप्रणाली पर पड़ेगा। प्रत्येक पार्टी को अपने-अपने निर्वाचित नगरसेवकों की संख्या के अनुपात में नामनिर्देशित सदस्य देने की योजना है।

गौरतलब है कि वर्ष 2017 के मुंबई महानगरपालिका चुनाव के बाद कुल पांच मनोनीत नगरसेवक नियुक्त किए गए थे। उस समय भारतीय जनता पार्टी की ओर से गणेश खणकर और श्रीनिवास त्रिपाठी, कांग्रेस की ओर से सुनील नरसाले तथा तत्कालीन शिवसेना की ओर से अरविंद भोसले और तृष्णा विश्वासराव को मनपा सभागृह में भेजा गया था।

इस बार प्रारंभिक आकलन के अनुसार, 89 निर्वाचित नगरसेवकों के चलते भारतीय जनता पार्टी को चार नामनिर्देशित सीटें मिल सकती हैं। शिवसेना (उद्धव) और मनसे के कुल 71 नगरसेवकों के आधार पर उन्हें मिलकर कम से कम तीन नामनिर्देशित सदस्य मिलने की संभावना है। वहीं शिवसेना (शिंदे) और कांग्रेस को एक-एक नामनिर्देशित सीट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। मनपा प्रशासन के इस फैसले से आने वाले दिनों में सभागृह की भूमिका, चर्चाओं और राजनीतिक गतिविधियों में बदलाव देखने को मिल सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com