spot_img
Homeमुंबईमां की गोद भी अब सुरक्षित नहीं! मुंबई में बच्चे छीनने की...

मां की गोद भी अब सुरक्षित नहीं! मुंबई में बच्चे छीनने की कोशिश से हड़कंप

मुंबई (सं.भा.): महानगर मुंबई में अब अपराध के तरीके और भी बेखौफ होते जा रहे हैं। पहले गले से चेन और हाथ से मोबाइल छिनने की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब अपराधियों की नजर मासूम बच्चों पर भी पड़ने लगी है। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मां की गोद से बच्चे छीनने की कोशिश की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला विलेपार्ले इलाके से सामने आया है, जहां एक युवक ने बस स्टॉप पर मां की गोद से दो साल की बच्ची को जबरन उठाकर भागने की कोशिश की। घटना विलेपार्ले पूर्व स्थित पार्ले सबवे बस स्टॉप की है। जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय महिला, जो एक होटल में प्रबंधक के पद पर कार्यरत है, अपनी दो साल की बच्ची के साथ माहिम जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी।

इसी दौरान एक अज्ञात युवक उसके पास आया और बातचीत करने लगा। महिला को उसकी नीयत पर शक होने से पहले ही बस मौके पर पहुंच गई। जैसे ही महिला बेस्ट बस क्रमांक 40 में चढ़ने लगी, तभी युवक ने अचानक बच्ची को उसकी गोद से छीनने की कोशिश की। स्थिति को भांपते हुए महिला तुरंत बस से उतर गई और अपनी बच्ची को कसकर पकड़ते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े चले आए। स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया।

गनीमत रही कि महिला की सूझबूझ और नागरिकों की तत्परता से बच्ची सुरक्षित बच गई और एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जांच की जा रही है कि कहीं वह किसी संगठित गिरोह से तो जुड़ा नहीं है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावकों में खासा डर देखा जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों को लेकर विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com