spot_img
Homeसंपादकीयमोदी और शाह के लिए मुश्किल हैं आने वाले दिन

मोदी और शाह के लिए मुश्किल हैं आने वाले दिन

तीसरी मोदी सरकार के शपथ ग्रहण के साथ ही यह पूछा जाने लगा था कि सरकार कितने दिन चलेगी ? ऐसी आशंका किसी भी गठबंधन सरकार के लिए जताई जाती है। जबकि गठबंधन सरकारें चली भी हैं, और भरभरा कर गिरी भी हैं। 1992 में कांग्रेस के नेतृत्व में बनी नरसिंह राव की सरकार ने अपना कार्यकाल पूरा किया था। उसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बीजेपी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन ( एनडीए ) ने भी अपना कार्यकाल पूरा किया था। फिर मनमोहन सिंह की अगुवाई में दो सरकारों – यूपीए 1 और यूपीए 2 ने अपना कार्यकाल पूरा किया था।

लेकिन गठबंधन सरकारों के बीच में ही भरभराकर गिर पड़ने के कई उदाहरण हैं। केंद्र में विपक्ष की बनी पहली सरकार जनता पार्टी की एक तरह से गठबंधन की ही सरकार थी। वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई। बाद में 1989 में जनता दल के नेतृत्व में बनी सरकार भी बीच में ही गिर गई। इस सरकार को एक तरफ से वामपंथी तो दूसरी तरफ से बीजेपी समर्थन दे रही थी। इसी तरह से अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी दो सरकारें भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाईं। एक बार तो वाजपेयी लोक सभा में बहुमत ही नहीं साबित कर पाये ( सरकार महज 13 दिन रही ) और दूसरी बार सरकार बनी तो महज 13 महीनों में ही गिर गई। इससे पहले चौधरी चरण सिंह की सरकार महीने भर और चंद्रशेखर की सरकार भी चार महीने में ही गिर चुकी है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक कहावत है। जिस बच्चे की सउरी ( गर्भवती जिस कमरे में बच्चे को जन्म देती है ) में ही ओझाई ( झाड़-फूंक ) होने लगे उसके सौ साल जीने की उम्मीद कैसे लगाई जाए। राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव दोनों इस ख्वाहिश को जता चुके हैं कि नरेंद्र मोदी की बैसाखी वाली सरकार गिर जाएगी . दोनों इस बात की उम्मीद लेकर बैठे हैं कि तेलुगू देशम पार्टी के नेता चंद्रबाबू नायडू, जिनकी पार्टी के 16 सदस्य हैं और जनता दल यू के नेता नीतीश कुमार, जिनके दल के 12 सदस्य हैं, किसी न किसी दिन सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी करेंगे। कयास था कि लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव में वे अपना अध्यक्ष चाहेंगे। तो विवाद होगा। लेकिन उन्होंने अपना अध्यक्ष नहीं चाहा। बाद में ज्यादा बजट की चाहत में असंतोष होगा, इस बात के कयास लगाए गए। लेकिन सरकार ने उस समय भी असंतोष नहीं होने दिया। उनके राज्यों को बड़े पैकेज देकर उनकी चाहत का ख्याल रखा गया। उन्हें असंतोष नहीं हुआ तो दूसरे राज्यों में असंतोष फैलाया जा रहा है, कि बजट में उनके साथ अन्याय हो रहा है। इसी बिना पर नीति आयोग की बैठक का बहिष्कार किया गया।

फिर मोदी और शाह भी हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठे हैं। चंद्रबाबू और नीतीश के समर्थन वापस ले लेने पर भी सरकार के पास 266 सदस्यों का समर्थन रहेगा। और जिसकी सरकार होती है उसके लिए छह बाकी सदस्यों का इंतजाम करना बहुत मुश्किल नहीं होगा। वे महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों की तरह केंद्र में भी दूसरी पार्टियों के सांसदों को बीजेपी में मिलाकर अपनी संख्या 272 तक पहुंचाने की कोशिश जरूर करेंगे। जनता दल यू के 12 में से 11 सांसदों के टूटकर बीजेपी में जाने की तो चर्चा भी जारी है। पीछे यही मोदी शाह टीडीपी के सांसदों को तोड़ भी चुके हैं, इसलिए इस बात की गारंटी नहीं है कि वे इस बार ऐसी कोई कोशिश नहीं करेंगे। इसलिए सरकार गिरे , यह सहज में तो संभव नहीं।

लेकिन सरकार के सामने समस्या है, और वह असल समस्या यह है कि भाजपा और संघ में मोदी और शाह के खिलाफ असंतोष बन आया है। उनकी वोट दिला पाने की क्षमता और चाणक्यगीरी – दोनों पर सवालिया निशान लग गया है। माना जा रहा है कि उनकी गलत नीतियों और उनकी मनमानी के कारण लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी नुकसान हुआ है। इसलिए, अक्टूबर-नवंबर में होने वाले जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड विधान सभा के चुनावों में यदि भाजपा हारती है तो मोदी-शाह के नेतृत्व पर सीधा सवाल उठ सकता है। और, उन्हें बदलने की मांग उठ सकती है।

साथ ही, मोदी और शाह पर अब जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का भी दबाव है। लोकसभा चुनाव में जनता ने दिखा दिया है कि वह मोदी सरकार के कार्यकाल से खुश नहीं है और उन्होंने अपनी कार्यशैली न बदली तो इस बार बहुमत नहीं दिया, आगे इस लायक भी नहीं छोड़ेगी कि वे सरकार बना सकें। भाजपा का कोर वोटर वर्ग भी अब यह आशा छोड़ चुका है कि मोदी और शाह अब हिंदुत्व का कोई बड़ा काम कर पाने की हैसियत में हैं। २०४७ में भारत की बड़ी आर्थिक शक्ति बन जाने का लुभावा उन्हें नहीं मोह रहा। उनका सीधा सवाल है, कहाँ गया एनआरसी या कॉमन सिविल कोड का मुद्दा?
पीओके को भारत में मिलाने का मुद्दा? बढ़ती आबादी पर लगाम लगाने का मुद्दा? ये सवाल दिनोंदिन प्रखर होते जाएंगे। विपक्ष अब मज़बूत है। राहुल गांधी की छवि भी बदली है। विपक्ष भी अब लोगों के बीच सवाल पहुँचाने में कमजोर नहीं पड़ेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com