मुंबई (सं. भा.)। मालाड पश्चिम की आबादी काफी बढ़ गई है। ऐसे में समाज कंटकों पर नजर रखने के लिए पूरे मालाड में सीसीटीवी का जाल बिछाया जाएगा। मालाड का कोना-कोना सीसीटीवी की जद में होगा। उक्त बातें कैबिनेट व मुंबई शहर के पालक मंत्री असलम शेख ने कही।

शनिवार को मालाड पश्चिम विधान सभा के अंतर्गत आने वाले तीन पुलिस स्टेशन मालाड, बांगुर नगर और मालवणी में पुननिर्मित पुलिस बीट चौकी का उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कैबिनेट मंत्री असलम शेख के साथ मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील के हाथों तीनो बीट चौकियों का उद्घाटन किया गया। मालवणी पुलिस के बीट क्रमांक एक का उद्घाटन करने के बाद कैबिनेट मंत्री असलम शेख ने लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कोरोना काल के दौरान मुंबई पुलिस द्वारा किए गए कामों को सराहते हुए भूरी-भूरी प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने मालवणी के साथ ही पूरी मुंबई को नशा मुक्त (ड्रग फ्री) किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ड्रग बेचने वाला हो या पीने वाला उनकी असली जगह जेल में होनी चाहिए। धर्म और जाति के नाम पर सोशल मीडिया पर द्वेश फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने की सलाह भी उन्होंने दी।
मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने स्मार्ट पुलिसिंग की बात कही। उन्होंने कहा कि इन दिनों आन लाइन ठगी के मामले बढ़ गए हैं। ऐसे में मुंबई पुलिस को और अधिक स्मार्ट और नवीनतम टेक्नोला@जी से लैस किया जा रहा है। उन्होंने मुंबई को नशा मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर उत्तर प्रादेशिक विभाग के अतिरिक्त आयुक्त दिलीप सावंत, जोन ११ के पुलिस आयुक्त विशाल ठाकुर, गोरेगांव तथा मालवणी डिविजन के सहायक पुलिस आयुक्त दीपक फटांगरे, दिलीप यादव, सहित तीनो पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सहित स्थानीय लोग उपस्थित थे।


