मुंबई(स भा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत उत्तर मुंबई के सभी 42 वार्डों में ‘नमो नेत्र चिकित्सा’ शिविर केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल के मार्गदर्शन में रविवार, 28 सितंबर को सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
शिविरों में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण किया गया, लगभग 42,000 चश्मों के वितरण की योजना बनाई गई (प्रत्येक वार्ड में लगभग 1,000 चश्मे) और साथ ही नि:शुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा हेतु मरीजों की पहचान भी की गई।
ये शिविर दहिसर विधानसभा (पश्चिम, मध्य, पूर्व), बोरीवली विधानसभा (पश्चिम, पूर्व), मागाठाणे विधानसभा (उत्तर, मध्य, दक्षिण), कांदिवली पूर्व, चारकोप तथा मालाड पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित हुए। नागरिकों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर पीयूष गोयल ने कहा कि “स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए आँखों का स्वास्थ्य अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए समय पर पहचान, उपचार और रोकथाम बेहद ज़रूरी है।” उन्होंने शिविरों में कार्यरत डॉक्टरों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान उत्तर मुंबई के नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और ‘लोक सेवा’ की भावना को साकार करता है।
कार्यक्रम में विधायक योगेश सागर, मनीषा चौधरी, अतुल भातखलकर, संजय उपाध्याय, प्रवीण दरेकर, पूर्व मंत्री विजय गिरकर, भाजपा उत्तर मुंबई अध्यक्ष दीपक (बाला) तावडे, भाजपा उत्तर मुंबई जिला महामंत्री सत्यप्रकाश (बाबा) सिंह, निखिल व्यास, सभी पूर्व नगरसेवक, वार्ड अध्यक्ष एवं वरिष्ठ जिला अधिकारी उपस्थित रहे और सहयोग दिया।


