- नागपुर लाए गए दो बाघ
मुंबई (सं. भा.) मुंबई के बोरीवली स्थित संजय गांधी नेशनल पार्क को बाघों का एक और जोड़ा प्राप्त हो गया है। इन दोनों बाघों को गोरेवाडा (नागपुर) वन्यजीव बचाव केंद्र से 22 घंटे के सफर के बाद नेशनल पार्क लाया गया। इस बारे में नेशनल पार्क अधिकारी ने कहा कि नागपुर से मुंबई का सफर तय करने के कारण जोड़े को नींद आ गई थी, इसलिए उन्हें एक महीने के लिए क्वारंटाइन किया गया है। संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान स्थित सक्करबाग प्राणी संग्रहालय से एशियाई बाघों का एक जोड़ा (01 नर और 01 मादा) राष्ट्रीय उद्यान में लाए गए। बाघों के जोड़े को डॉ. निखिल बानगर ( वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम के सदस्य ) वैभव पाटिल, संदीप गायकवाड, प्रशांत टोकरे, गोपाल गिबल, अनिल सापटे की टीम वन परिक्षेत्र अधिकारी सिंह व बाघ विहार के अधिकारी विजय बारब्दे के मार्गदर्शन में सुरक्षित नेशनल पार्क लाया गया। बाघों के इस नए जोड़े के यहां आने कारण अब यहां बाघों की संख्या 06 हो गई है। जो बाघ आए हैं उनकी उम्र ढाई से तीन साल के बीच है।

डॉक्टर रख रहें हैं निगरानी
1 टाइगर नेशनल पार्क में लाए जाने के बाद उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में एक महीने तक क्वारंटाइन में रखा गया है।
2 दोनों बाघ पूरी तरह से स्वस्थ हैं। अधिकारी ने बताया कि बाघों की संख्या बढ़ाने उद्देश्य से इस जोड़ी को नेशनल पार्क लाया गया है।
3 क्वारंटाइन अवधि खत्म होने के बाद इनका प्रजनन के लिए उपयोग किया जाएगा और इससे राष्ट्रीय उद्यान में बाघों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी।


