spot_img
Homeउत्तर प्रदेशअतीत होगा अंग्रेजों के जमाने का भवन, बनेगा व्यावसायिक कांप्लेक्स

अतीत होगा अंग्रेजों के जमाने का भवन, बनेगा व्यावसायिक कांप्लेक्स

सुलतानपुर (सं. भा.) : जल्द ही अंग्रेजों के जमाने का भवन अतीत हो जाएगा। यहां जिला पंचायत आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यावसायिक कांप्लेक्स बनाएगा। इस भवन में चल रहे जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को खाली करने के लिए किराया सहित अंतिम नोटिस थमाई जा चुकी है। यहीं पर चल रहा बीएसए कार्यालय अपने भवन में शिफ्ट हो चुका है।

नार्मल और लालडिग्गी चौराहा के बीच में जिला पंचायत की कीमती जमीन पर अंग्रेजों के जमाने का एक बड़ा भवन खड़ा है। सैकड़ों वर्ष पुराना भवन जर्जर हो चुका है। जिला पंचायत के अधीन इस भवन में अब तक बीएसए और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय संचालित होता था। जिला पंचायत की ओर से कई बार नोटिस देने के बाद बीएसए कार्यालय सर्कस ग्राउंड पर बने अपने भवन में शिफ्ट हो गया। पर, डीआइओएस दफ्तर अभी भी यही पर संचालित हो रहा है। इसे खाली करने के लिए जिला पंचायत की ओर से अंतिम नोटिस दी गई है। डीआइओएस ने 15 दिन का समय मांगा है। जीआइसी के खेल मैदान में डीआइओएस दफ्तर बनकर तैयार है। रंगरोगन का कार्य अंतिम चरण में है। कार्यदायी संस्था से हैंडओवर होते ही यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद इस जमीन पर जिला पंचायत अपना अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यावसायिक मार्केट खड़ा करेगा।
जिला पंचायत के प्रशासनिक अधिकारी दिनेश सिंह ने बताया कि डीआइओएस कार्यालय पर करीब सात लाख रुपये का किराया बकाया है। उसके भुगतान के साथ भवन खाली करने के लिए अंतिम नोटिस दी गई है। 15 दिन का समय मांगा गया है। बीएसए कार्यालय तो खाली हो गया है पर करीब 16 लाख रुपये का किराया अभी बचा है। उसे जमा कराने के लिए भी पत्राचार किया गया है।

जिला पंचायत के अधीन नगर क्षेत्र की भूमि व पुराने भवनों की जगह व्यावसायिक कांप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव बोर्ड से पास हो चुका है। विभाग की आय बढ़ाने के लिए हर वह काम किया जा रहा है, जो जरूरी है। जल्द ही डीआइओएस दफ्तर की जगह कांप्लेक्स बनाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com