spot_img
Homeउत्तर प्रदेशओवरटेक की होड़ ने ली जान

ओवरटेक की होड़ ने ली जान

बहुआ में ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत, फरार हुआ डंपर चालक
बहुआ (सं. भा.) । रफ्तार की सनक ने एक हंसते-खेलते परिवार को मातम में डुबो दिया। रविवार शाम बहुआ के जमेनी मोड़ के पास तेज रफ्तार डंपर द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास में हुई भीषण टक्कर में एक ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस तलाश रही है।
यह हृदय विदारक घटना तब घटी जब ललौली थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी रामबरन निषाद (46) अपनी खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर शाम पांच बजे दतौली की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। जमेनी मोड़ के पास मुत्तौर की ओर जा रहे एक खाली डंपर ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान, डंपर ने ट्रैक्टर को साइड से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
ट्रैक्टर का इंजन पलटते ही चालक रामबरन निषाद उसके नीचे दब गए। हादसा देखकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने मशक्कत कर ट्रैक्टर को हटाकर रामबरन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
इस दुर्घटना से रामबरन के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां बुधिया देवी और पत्नी कुंता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक रामबरन के दो पुत्र, गंगाराम और गंगाचरण, तथा दो पुत्रियां, निर्मल देवी और संगीता उर्फ गुड़िया हैं। रामबरन शंकरपुर मोड़ के पास स्थित जेबी ईंट भट्ठे में मजदूरी के साथ-साथ ट्रैक्टर चलाने का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से अपना वाहन छोड़कर भाग निकला। मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक एस.बी. सिंह ने बताया कि डंपर चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com