- संगठन कार्यालय हेतु भूमि आवंटन की घोषणा
फतेहपुर (सं. भा.) फतेहपुर के सिविल लाइन स्थित गज विलास गेस्ट हाउस में यूपी एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन का निर्वाचन अधिवेशन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल संगठनात्मक सशक्तिकरण का प्रतीक बना, बल्कि इसमें अधिकारियों के सक्रिय सहयोग और सदस्यों की एकजुटता की भी स्पष्ट झलक देखने को मिली।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में राकेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय कुशवाहा, प्रचार उप शिक्षा निदेशक डाइट श्रीमती भारती त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती आरती गुप्ता, वरिष्ठ प्रवक्ता प्रवीण कुमार यादव तथा वित्त एवं लेखा अधिकारी फतेहपुर मौजूद रहे। अध्यक्षता अनिल कुमार सिंह (जनपद अध्यक्ष) ने की, जबकि संचालन सचिव सुनील कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक ने संगठन को परिवार बताया और समस्याओं के निस्तारण में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं संगठन कार्यालय हेतु राजकीय इंटर कॉलेज फतेहपुर में भूमि आवंटन की मांग को स्वीकारते हुए 15 दिन के भीतर आवंटन का आश्वासन दिया।
दोपहर बाद शुरू हुए द्वितीय सत्र में विभिन्न जनपदों से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत हुआ। चुनाव प्रक्रिया पर्यवेक्षक रत्नेश चंद्र पांडे और विजय शंकर पांडे की देखरेख में संपन्न हुई जिसमें सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चयनित पदाधिकारियों में अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश कुमार, सचिव दीपक कुमार यादव, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गुप्ता तथा ऑडिटर मोनू शामिल हैं। सुनील कुमार शुक्ला को सर्वसम्मति से संरक्षक नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूलमालाओं से सम्मानित कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। यह आयोजन संगठन की एकजुटता, विश्वास और निष्कलंक लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रतीक बनकर सामने आया।


