मुंबई (सं.भा.): मुंबई जैसे महानगर में स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में कथित अनियमितताओं और अनैतिक गतिविधियों को लेकर समय-समय पर पुलिस कार्रवाई होती रही है। हाल के महीनों में कई इलाकों में छापेमारी और कार्रवाई के बावजूद कांदिवली क्षेत्र के स्पा संचालन को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में स्पा सेंटरों के खिलाफ छापेमारी और कार्रवाई की घटनाएं सामने आती रही हैं। हाल ही में चारकोप क्षेत्र में एक स्पा सेंटर पर कार्रवाई हुई थी।
लेकिन स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कांदिवली पश्चिम के कुछ स्पा, इन कार्रवाइयों के बावजूद अपेक्षित जांच और सख्ती से बचते दिख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कांदिवली पश्चिम, महावीर नगर स्थित ब्लू थाई स्पा का नाम चर्चा में है। आपको बता दें कि यह स्पा कांदिवली पुलिस स्टेशन के विट क्रमांक 4 के चंद कदमों की दूरी पर स्थित है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस स्पा का संचालन एंथनी नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि यह स्पा संचालन कांदिवली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की नजर के सामने हो रहा है और उनके प्रभाव के तहत संचालित होने की चर्चाएं हैं।

जब इस संबंध में हमने कांदिवली के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने फोन उठाना संभव नहीं समझा। यह भी स्थानीय चर्चा का हिस्सा है कि उच्च अधिकारियों की ओर से स्पष्ट जवाब न मिलना, क्षेत्र में संचालन के प्रति सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिक मानते हैं कि नियमों के अनुपालन और पारदर्शी प्रवर्तन की सख्त जरूरत है। चारकोप में हुई कार्रवाई के बाद अब कांदिवली क्षेत्र में भी निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।


