spot_img
Homeमुंबई15 सितंबर के बाद मुंबई में फिर होगी झमाझम बरसात

15 सितंबर के बाद मुंबई में फिर होगी झमाझम बरसात

मुंबई (सं. भा.) : मुंबई में 15 सितंबर के बाद एक बार फिर बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एक सिस्टम तैयार होने वाला है, जो मुंबई को अच्छी बारिश दे सकता है। हालांकि, अगले 3 से 4 दिन मुंबईकरों को चिलचिलाती धूप का सामना करना होगा।

अगस्त में मॉनसून सुस्त पड़ गया था। पिछले 22 साल में सबसे कम बारिश अगस्त में दर्ज की गई। कड़क धूप और गर्मी ने मुंबईकरों के पसीने छुड़ा दिए थे, लेकिन सितंबर से मौसम ने करवट ली और मुंबई में एक दिन अच्छी बारिश होने के बाद अब एक छोटा-सा ब्रेक आया है। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली संस्था स्काइमेट के प्रमुख मेट्रोलॉजिस्ट महेश पलावत ने बताया कि मुंबई में एक बार अच्छी बारिश होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर बन रहा है, 15 सितंबर तक सिस्टम तैयार हो जाएगा और महानगर में बारिश भी होगी।

क्षेत्रीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मुंबई में 1 एमएम बारिश भी नहीं हुई । 1 शहर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और उपनगर का 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शहर का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री और उपनगर का 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मौसम विभाग की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि 14 सितंबर तक बारिश के आसार बहुत कम है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com