- बाल बाल बची
नालासोपारा (सं. भा.) गिरफ्तारी से बचकर भागने के लिए आरोपी द्वारा महिला पुलिस उपनिरीक्षक और उसके साथी कर्मचारी के ऊपर 4 पहिया वाहन चढ़ाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यह घटना नायगांव के डॉन बास्को स्कूल के समीप शनिवार की सुबह घटी है। नायगांव पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार आरोपी अजीत के खिलाफ अचोले में 2 और तुलिंज में 3 सहित धोखाधड़ी, गबन और जाली दस्तावेजों के कुल पांच मामले दर्ज हैं। महिला पुलिस के ऊपर चढ़ाई कारः धोखाधड़ी के मामले को लेकर आरोपी अजीत दयाशंकर मिश्रा के खिलाफ फर्जी दस्तावेज मामले में अचोले पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। जांच अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक रेखा पाटिल शनिवार की सुबह आरोपी के नायगांव स्थित डॉन बास्को स्कूल के समीप अजंठा बिल्डींग के पास जांच करने के लिए अपने एक पुलिस कर्मचारी के साथ गई थी।

बाल-बाल बच गए
उसी दौरान आरोपी अजीत ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस को देखकर कहा कि मैडम आप तो मेरे ही पीछे पड़े हो, आज तो आपका खेल ही खत्म कर देता हूं। ऐसा जोरजोर से कहते हुए इनोवा कार चालक अजय अंकुश गायकर से कहा कि जल्दी गाड़ी भगाओ और जो कोई भी गाड़ी के सामने आये उसके ऊपर चढ़ा दो। रेखा पाटिल और कर्मचारी अमोल आव्हाड दोनों को जान से मारने के इरादे से आरोपी ने चालक को कार ऊपर चढ़ाने को कहा और कार रेस कर उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। तभी तेजी दिखाते हुए दोनों पुलिसकर्मी एक तरफ हट गए जिसके चलते वह बाल-बाल बच गए।


