MBMC ने बदला निर्णय
भायंदर (सं. भा.) मीरा-भायंदर महानगर पालिका क्षेत्र में महाराष्ट्र सरकार के मूलभूत सुविधा निधि अंतर्गत भायंदर पूर्व के प्रभाग क्रमांक 12 में आरक्षण क्रमांक 230 के ‘मियावाकी वन उद्यान’ भूखंड पर ओलंपिक आकार के स्विमिंग पूल व जिम्नेशियम बनाने का निर्णय मनपा प्रशासन द्वारा लिया गया था। इसके लिए सार्वजनिक बांधकाम विभाग के पत्र के अनुसार स्विमिंग पूल निर्माण में बाधित 3267 वृक्षों को जड़ सहित उखाड़ कर उसे अन्यत्र पुनरोपित करने की पब्लिक नोटिस सूचना 23 अक्टूबर को समाचार पत्रों में प्रकाशित कर शहर के नागरिकों से सुझाव व आपत्ति मंगाई गई थी। इस प्रकरण में शहर के विभिन्न पर्यावरण प्रेमियों, नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने मनपा में लिखित व मौखिक तीव्र आक्षेप दर्ज कराया। उनके इस आपत्तियों पर संज्ञान लेते हुए विकास कार्य तथा पर्यावरण में योग्य संतुलन बनाए रखने के लिए आखिर मनपा ने आरक्षण क्रमांक 230 पर बनाए जाने वाले स्विमिंग पूल और जिम्नेशियम का स्थान बदलकर उसे अन्यत्र बनाने का निर्णय लिया है। ऐसी जानकारी मनपा के सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राज घरत ने दी है।



