spot_img
Homeउत्तर प्रदेशएनएच पर दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से पति-पत्नी की मौत

एनएच पर दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से पति-पत्नी की मौत

चौडगरा (सं.भा.): प्रयागराज-कानपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां स्कॉर्पियो की टक्कर से सड़क पार कर रहे दंपति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

यह दुर्घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत त्रिवेदी इंस्टिट्यूट/मुरादीपुर पुल के पास उस समय हुई, जब कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के नउआ बाग निवासी राजकिशोर पुत्र मुन्नू अपनी पत्नी कल्लो के साथ अन्य लोगों के साथ बछरावां से सिलबट्टा बनाने का काम कर लौट रहे थे। जैसे ही तीनों लोग नेशनल हाईवे पार कर रहे थे, तभी प्रयागराज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में राजकिशोर और उनकी पत्नी कल्लो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश चंद्र पुत्र मन्ना लाल, निवासी विनोबा नगर थाना राधानगर फतेहपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को पहले पीएचसी गोपालगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे सदर अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है, मुकदमा दर्ज कर वाहन चालक की तलाश सहित मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com