spot_img
Homeअन्यआज बिहार की 122 सीटों पर मतदान, महिला वोटर्स पर सभी की...

आज बिहार की 122 सीटों पर मतदान, महिला वोटर्स पर सभी की नजर

पटना (सं. भा.): बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में आज राज्य के 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इस चरण में खास तौर पर महिला मतदाता और सीमांचल क्षेत्र के वोटर्स का प्रभाव तय करेगा कि कौन सा गठबंधन सत्ता में आएगा।
पहले चरण की तरह इस बार भी महिला मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। 6 नवंबर को हुए पहले चरण में रिकॉर्ड 65% से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिलाओं ने पुरुषों से अधिक भागीदारी निभाई। इसी को देखते हुए सभी दल महिला मतदाताओं को साधने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी महिला सशक्तिकरण योजनाओं को गिनाते नजर आए, जबकि तेजस्वी यादव ने ‘माई बहिन योजना’ के तहत महिलाओं के खातों में सालाना 30 हजार रुपये देने का वादा दोहराया।
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में कुल 3.70 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 1.74 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। कुल 1302 उम्मीदवार (1165 पुरुष और 136 महिलाएं) चुनावी मैदान में हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में दो लाख से अधिक वोटर हैं। सबसे अधिक प्रत्याशी चैनपुर, सासाराम और गया में हैं, जबकि सबसे कम लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज और बनमखी में चुनाव लड़ रहे हैं।
सीमांचल और दक्षिण बिहार के कई जिलों को कवर करने वाले इस चरण में एनडीए और महागठबंधन दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। 2020 के विधानसभा चुनाव में सीमांचल में एनडीए ने 67 सीटें और महागठबंधन ने 50 सीटें जीती थीं, जबकि एआईएमआईएम ने पांच सीटें जीतकर समीकरण बदल दिया।
महागठबंधन की ओर से राजद (70), कांग्रेस (37) और वीआईपी (8) उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि सीपीआई (एमएल), सीपीएम और सीपीआई क्रमशः 5, 4 और 2 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। एनडीए की ओर से भाजपा (52), जदयू (45) और लोजपा (16) उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा हम (6) और आरएलएम (4) ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
इस चरण में कई मौजूदा मंत्री भी दोबारा जीत की कोशिश कर रहे हैं, जिनमें विजेंद्र यादव (सुपौल), सुमित कुमार सिंह (चकाई), नीतीश मिश्रा (जमुई), जयंत राज (अमरोपुर), नीरज कुमार सिंह बबलू (छातापुर) और जमां खान (चैनपुर) शामिल हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि महिला मतदाता और सीमांचल क्षेत्र के वोटर्स ही तय करेंगे कि किस गठबंधन को विधानसभा में बहुमत मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com