उन्नाव (सं. भा.) : अजगैन, मौरावां व फतेहपुर चौरासी क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में रविवार को दो लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा दो अन्य घायल हो गए।
मौरावां क्षेत्र के गांव खेरवा निवासी 55 वर्षीय बिंदा प्रसाद पुत्र द्वारिका शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने भवानीगंज स्थित प्लाट से होकर पैदल घर लौट रहे थे। अभी वे गोनामऊ के पास ही पहुंचे थे कि तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इसमें उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे बेटे सुभाष ने पुलिस को सूचना दी। वहीं फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के कुजगंवा निवासी अब्दुल्ला और असद बीते शनिवार फतेहपुर चौरासी निवासी अपने मामा के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार दोपहर वे घर लौट रहे थे। तभी कालीमिट्टी के पास आइटीआइ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए।
बाइक सवार ने किराना व्यवसायी को मारी टक्कर
नवाबगंज: अजगैन क्षेत्र के कस्बा नवाबगंज स्थित गांधीनगर निवासी किराना व्यवसायी 35 वर्षीय संतोष पुत्र जगन्नाथ साइकिल से साप्ताहिक बाजार जा रहा था। तभी लखनऊ-कानपुर राजमार्ग स्थित चौकी के पास सड़क पार करते समय नशे में रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर घायल हो गया। लखनऊ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। स्वजन ने बताया कि वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद परिवार का बुरा हाल था। चौकी इंचार्ज अमित सिंह ने कहा कि बाइक नंबर के आधार पर चालक का पता लगाया जा रहा है।


