मुंबई (सं.भा.): मराठी, हिंदी और साउथ फिल्मों में अपने सशक्त अभिनय से पहचान बना चुके अभिनेता उपेन्द्र लिमये एक बार फिर दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं। इस बार वह फिल्म ‘मन आठले मनातले’ में एक खतरनाक और दमदार विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में इस एक्शन और सस्पेंस से भरपूर फिल्म का टीज़र लॉन्च किया गया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। सूर्या फिल्म वर्ल्ड द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण सुरेन महापात्र ने किया है। सुरेन महापात्र ने ही फिल्म की कहानी और पटकथा लिखी है, जबकि संवाद मनोज सुधाकर के हैं। फिल्म का निर्देशन जेम्स एंथोनी ने किया है।
फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी मजबूत है, जिसमें सुरेन महापात्र, मानसी नाइक, उपेन्द्र लिमये, ऋतुराज फड़के, संदीप गायकवाड़, कमलेशन सावंत, अरुण नलावडे, यतिन कार्येकर, सिया पाटिल, राजेश अहेर और विनीत भोंडे जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक ऐसे डॉक्टर दंपती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो थैलेसीमिया और गिल्बर्ट सिंड्रोम जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज की खोज में जुटे हैं। इन बीमारियों से उनका बेटा भी जूझ रहा होता है। लंबे शोध के बाद वे एक नई दवा खोज निकालते हैं और उसका प्रयोग अपने ही बच्चे पर करते हैं। लेकिन इस दवा का असर कहानी को एक खतरनाक और रहस्यमय मोड़ पर ले जाता है। इसके बाद घटने वाली घटनाएं दर्शकों को अंत तक बांधे रखने का दावा करती हैं। आखिर उस बच्चे के साथ क्या होता है और दवा का सच क्या है, इसका खुलासा फिल्म ‘मन आठले मनातले’ में देखने को मिलेगा।


