- दहिसर में उमड़ा देशभक्ति का ज्वार, निकली भव्य तिरंगा यात्रा
दहिसर (सं. भा.) । जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के पराक्रम का परिचय देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शानदार सफलता ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इसी गौरव और जांबाज सैनिकों के सम्मान में दहिसर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मनीषाताई चौधरी ने एक विशाल “तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया, जिसमें देशभक्ति का अद्भुत सैलाब उमड़ा।
इस भव्य आयोजन में एन एल कॉम्प्लेक्स, दहिसर-पूर्व में उत्तर मुंबई के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर राष्ट्र की रक्षा में समर्पित सेना के अधिकारियों का अभिनंदन किया।
जनसेवक गोपाल शेट्टी और विधायक मनीषा ताई चौधरी के साथ इस तिरंगा यात्रा में उत्तर मुंबई के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष दीपक उर्फ बाला तावड़े, पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश खणकर, शौर्य चक्र विजेता मधुसूदन सुर्वे, राष्ट्रपति पुलिस पदक विजेता मंगेश नाईक, गोरक्ष घुगे, भारतीय सेना (श्रीनगर) से दिनेश मिश्रा तथा भारतीय जनता पार्टी के सभी मंडल और वार्ड अध्यक्ष, पदाधिकारी व असंख्य देशभक्त नागरिक, जिनमें दहिसर और बोरीवली के निवासी बड़ी संख्या में शामिल थे, ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस यात्रा ने एक बार फिर भारतीय सेना के प्रति नागरिकों के अटूट सम्मान और गहरे राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।


