spot_img
Homeमुंबईविरार में मोबाइल दुकान पर सेंध यूपी भेजने से पहले 83 फोन...

विरार में मोबाइल दुकान पर सेंध यूपी भेजने से पहले 83 फोन जब्त, आरोपी गिरफ्तार

विरार (सं.भा.): शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच विरार (पूर्व) में मोबाइल फोन की दुकान को निशाना बनाने वाले मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद किया, जिससे माल को राज्य से बाहर खपाने की योजना विफल हो गई। पुलिस के अनुसार, चंदनसार रोड स्थित प्रभाकर अपार्टमेंट में संचालित ‘जीवदानी मोबाइल’ दुकान में 16 फरवरी, 2026 की रात अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर प्रवेश किया। दुकान के भीतर रखे विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। प्रारंभिक आकलन में 129 मोबाइल फोन गायब पाए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 21.86 लाख रुपए बताई गई।

मामला दर्ज होने के बाद विरार पुलिस स्टेशन के साथ क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने समानांतर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पप्पू उर्फ अजमतअली मोहम्मद अली शेख को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन पैक कर कुरियर के जरिए अपने मूल गांव सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश) भेजने वाला था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर 15 लाख 47 हजार रुपए मूल्य के 83 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। यह ऑपरेशन क्राइम ब्रांच यूनिट-2, वसई के पुलिस निरीक्षक अविराज कुराडे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक सोपान पाटील और पुलिस उपनिरीक्षक संतोष घाडगे की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि शेष चोरी गए सामान और संभावित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com