spot_img
Homeकल्याणउल्हास नदी का पानी घुसते ही बंद हुआ जलशुद्धिकरण केंद्र, कई इलाकों...

उल्हास नदी का पानी घुसते ही बंद हुआ जलशुद्धिकरण केंद्र, कई इलाकों की जलापूर्ति ठप

कल्याण (सं.भा.) : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब पेयजल व्यवस्था पर भी भारी पड़ने लगी है। उल्हास नदी का जलस्तर बढ़ने से मोहिली जलशुद्धिकरण केंद्र में बाढ़ का पानी घुस गया, जिसके बाद एहतियातन संयंत्र बंद करना पड़ा और कई इलाकों की जलापूर्ति प्रभावित हो गई।

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के मोहिली स्थित 100 एमएलडी क्षमता वाले जलशुद्धिकरण केंद्र में सोमवार सुबह उल्हास नदी का पानी प्रवेश कर गया। संभावित तकनीकी नुकसान से बचने के लिए अधिकारियों ने तत्काल पंप और जलशुद्धिकरण प्रणाली बंद कर दी। इसके चलते टिटवाला, शहाड, मांडा, मोहने और आंबिवली क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों की भारी बारिश से उल्हास नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो पूरा जलशुद्धिकरण केंद्र जलमग्न होने की आशंका है, जिससे जलापूर्ति बहाल करने में और समय लग सकता है।

जलशुद्धिकरण केंद्र से जुड़े ठेकेदार संजय शाह ने बताया कि बाढ़ जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए केंद्र में स्वचालित नियंत्रण प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे दूरस्थ तरीके से पंपों का संचालन और नियंत्रण किया जा सकता है। वहीं, संकट के समय जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता से संपर्क नहीं हो पाने पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com