- नोडल अधिकारी ने दिए तत्काल समाधान के निर्देश
चित्रकूट (सं. भा.) : जिला अस्पताल में मरीजों को भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने वाली मीरा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने छह माह से लंबित भुगतान को लेकर अपनी पीड़ा जब नोडल अधिकारी धीरेंद्र सिंह सचान के सामने रखी, तो उन्होंने तत्क्षण सीएमएस को निर्देशित किया कि समूह का भुगतान शीघ्र कराया जाए। रविवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय और आयुष्मान आरोग्य मंदिर बरहट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने यह कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों को हर हाल में चालू रखने के निर्देश दिए। कुछ कैमरे खराब मिले तो उन्हें तत्काल ठीक कराने को कहा गया। अस्पताल परिसर में 32 बेड वाले अस्पताल को भी जल्द शुरू कराने के लिए मैनपॉवर की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों की उपस्थिति, ओपीडी की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, सफाई व्यवस्था, जच्चा-बच्चा वार्ड, जनरल वार्ड, महिला वार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र और पैथोलॉजी लैब की स्थिति का भी जायजा लिया गया। मरीजों से भोजन, नाश्ते और दवाओं की गुणवत्ता के बारे में पूछताछ की गई।
इस अवसर पर प्रभारी सीएमओ डॉ. संतोष कुमार, सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुमार, डीआरडीए के परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, जल निगम के अधिशासी अभियंता ए.के. भारती, मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक आलोक कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आर.के. करवरिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


