बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है। यहां कुल 243 सीटें हैं। जिन पर मतदान होना है। बिहार में मुख्य रूप से सत्तारूढ़ पार्टी एनडीए और महागठबंधन के बीच मुकाबला होगा। इस बार के विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की मौजूदगी काफी चर्चा में है। जो सीटें तो जीत नहीं पाएगी, मगर हार जीत की उठापटक की गणित बिगाड़ सकती है। बिहार के चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का कार्य किया। जिसके विरोध में महागठबंधन ने यात्रा भी निकाली और लोगों को वोट चोरी से सजग रहने का मंत्र भी दिया। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव आयोग ने बिहार के वोटरों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी है। बिहार विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। पहले चरण की वोटिंग छह नवंबर को है। आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री प्रत्याशी तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अभी तक देखने में जैसा लग रहा है, उसी आधार पर कहा जा सकता है कि बिहार में एनडीए कभी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। यह बात नीतीश कुमार को भी पता है। आने वाले समय में यह सबको देखने को मिलेगा। बिहार में फिर से महागठबंधन की सरकार बनाने वाली है। यह बात एनडीए को भी पता चल गई है।
महागठबंधन में किसी को कोई परेशानी नहीं है। हम सब लोग एक साथ हैं। अगर किसी को कई पद दिया जा रहा है तो सबकी सहमति से किया जा रहा है। गुजरात में लोग फैक्ट्री, आईटी पार्क, डाटा सेंटर सहित कई उद्योगों की बात करेंगे, लेकिन बिहार में इस तरह की बात नहीं करते। बिहार में एनडीए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास को रोक दिया है, जिसकी वजह से यहां के लोगों को परेशानी हो रही है। एनडीए के राज में हत्या और लूट लगातार बढ़ रही है। सरकार ही उन लोगों को संरक्षण दे रही है, जो बिहार में अपराध कर रहे है। ये बात जनता को पता चल गई है। आने वाले दिनों में इसका जवाब मिल जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी चुनावी सभाओं में महागठबंधन पर ‘राजनीतिक गुंडागर्दी’ का आरोप लगा रहे हैं। दावा करते हैं कि राजद ने बंदूक के बल पर कांग्रेस से मुख्यमंत्री का पद छीन लिया है। उधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए महागठबंधन (इंडिया गठबंधन) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने विपक्ष को निशाना बनाने के लिए एक नया तंज कसा। सीएम योगी ने महागठबंधन के प्रमुख नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आपने गांधी जी के तीन बंदरों के बारे में सुना होगा, आज इंडिया गठबंधन के तीन और बंदर आ गए हैं। पप्पू, टप्पू और अप्पू के नाम पर। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में पप्पू सच बोल नहीं सकता और टप्पू सही देख नहीं सकता। योगी आदित्यनाथ ने बिहार में दंगों और नरसंहार की घटनाओं का जिक्र करते हुए जनता से अपील की कि वे ऐसी व्यवस्था को वापस न आने दें। उन्होंने सुरक्षा और घुसपैठ पर एनडीए का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने सीधे तौर पर घुसपैठियों को बाहर निकालने और उनकी संपत्ति जब्त करके गरीबों में बांटने का वादा किया। उन्होंने कहा कि जैसे कश्मीर में धारा 370 खत्म करके आतंकियों को मार-मार कर खदेड़ा गया, वैसे ही घुसपैठियों के साथ भी सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों को परिवारवाद और भ्रष्टाचार की जननी बताया, जो सीधे तौर पर राजद और अन्य वंशवादी दलों पर निशाना था। योगी आदित्यनाथ ने जनता से उन ताकतों को वोट न देने की अपील की जो भगवान राम और राष्ट्र की संस्कृति का अपमान करती हैं। उन्होंने भाजपा और एनडीए को ‘रामभक्त’ बताते हुए कहा कि विपक्ष की राजनीति केवल तुष्टिकरण और व्यक्तिगत स्वार्थ पर आधारित है, जबकि एनडीए की प्राथमिकता विकास और राष्ट्रवाद है। उन्होंने बिहार के मतदाताओं से विकसित और सुरक्षित भविष्य चुनने के लिए एनडीए को वोट देने का आह्वान किया। सुशासन और विकास के मार्ग पर अग्रसर बिहार की जनता का अपार विश्वास और समर्थन भाजपा-एनडीए के साथ है।


