कानपुर देहात (सं.भा.): धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करते समय एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। रूरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में ट्रैक्टर से जुड़े रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
कानपुर जिले के गजनेर थाना क्षेत्र के गुजराई गांव निवासी दिलशाद (25) रविवार को अपने मामा के घर रूरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव आया था। सोमवार को उसका मामा शाहदल ग्राम प्रधान घनश्याम के खेत में धान की रोपाई के लिए रोटावेटर से खेत तैयार करने गया था। दिलशाद भी उसके साथ खेत पर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के पीछे बैठे समय अचानक संतुलन बिगड़ने से दिलशाद नीचे गिर गया और पीछे लगे रोटावेटर में फंस गया। चालक जब तक ट्रैक्टर रोक पाता, तब तक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव और परिवार में हड़कंप मच गया। मृतक की पत्नी रानी, मां अफीसा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर रूरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रूरा थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि प्राथमिक जांच में रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की मौत होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


