spot_img
Homeउत्तर प्रदेशग्राम चौपाल में ग्रामीणों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल, छात्रों की भीड़...

ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल, छात्रों की भीड़ से पूरी की गई संख्या!  

फतेहपुर:(सं.भा.)ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और प्रशासन को गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम पर सवाल खड़े हो गए हैं। मलवां ब्लॉक के आशापुर ग्राम पंचायत में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की कम उपस्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आरोप है कि कार्यक्रम में संख्या पूरी दिखाने के लिए प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को बुलाया गया, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम से दूर रहे।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के मलवा ब्लाक अंतर्गत आने वाली आशापुर ग्राम पंचायत में शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया था। लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यक्रम में ग्रामीणों की अपेक्षित भागीदारी नहीं रही। इसके बाद स्कूल के छात्रों को बुलाकर उपस्थिति बढ़ाने का प्रयास किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि चौपाल जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य गांव की वास्तविक समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना है, लेकिन यदि ग्रामीण ही मौजूद नहीं होंगे तो कार्यक्रम की उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय विधायक की ओर से भी कई मामलों में प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही और कार्यप्रणाली को लेकर अधिकारियों को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी **निधि गुप्ता वत्स** से मलवां ब्लॉक में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रमों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि चौपालों में शासन के निर्देशों का कितना पालन किया जा रहा है और संबंधित अधिकारी कितनी गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

वहीं, कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय चौपाल को वास्तव में जनसंवाद का माध्यम बनाया जाना चाहिए, ताकि गांव की समस्याओं का समाधान हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com