उन्नाव (सं. भा.) । उन्नाव के माखी गांव में पीडि़ता के पिता की हत्या के चर्चित मामले में सीबीआइ हत्यारोपी विधायक समेत अन्य आरोपितों पर शिकंजा कसती जा रही है। रविवार को सुबूत जुटाने के लिए सीबीआइ की छह सदस्यीय टीम शैलू और सुमन को लेकर माखी गांव पहुंची। यहां शैलू के घर में उसके भाई कमल से कई घंटे पूछताछ की। इस दौरान सीबीआइ टीम के विधायक के घर जाने की भी चर्चा रही। करीब चार घंटे सीबीआइ ने गांव में रुककर साक्ष्य इकट्ठा किए।
पीडि़ता के पिता की हत्या के आरोप एसओ और दारोगा समेत कई लोगों को सीबीआइ अब तक गिरफ्तार कर चुकी है। इसी मामले में सीबीआइ ने कुछ दिन पहले शैलू और सुमन को गिरफ्तार किया था। जिन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे सीबीआइ की छह सदस्यीय टीम शैलू और सुमन को लेकर माखी गांव पहुंची। यहां टीम ने शैलू के घर उसके भाई कमल से लंबी पूछताछ की। शैलू के घर से काई ठोस सबूत भी हाथ लगने की चर्चा रही। जिस जगह पीडि़ता के पिता की पिटाई हुई थी वहां भी दोनों आरोपियों को सीबीआइ ले गई। चर्चा रही कि विधायक के घर भी सीबीआइ पहुंची। यहां भी आरोपितों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान सीबीआइ ने नक्शा नजरी भी तैयार किया। करीब चार घंटे माखी में बिताने के बाद सीबीआइ दोनों को लेकर वापस लौट गई।
कुछ और लोगों पर शिकंजा कसने की तैयारी
सूत्रों की माने तो सीबीआइ पीडि़ता के पिता की हत्या के मामले में आरोपित विधायक के कुछ अन्य सहयोगियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। गांव से जिला अस्पताल तक पहुंचे लोग भी रडार पर है। जल्द ही सीबीआइ इनसे पूछताछ करेगी।
दो वकील भी सीबीआइ की रडार पर
पीडि़ता पक्ष के वकील शहंशाह आलम से करीब पौन घंटे बातचीत के दौरान सीबीआइ के हाथ कुछ अहम तथ्य लगे हैं। विधायक पक्ष से पैरवी न करने के बावजूद दो वकीलों ने पीडि़ता के पिता की जमानत खारिज करवाने में अहम भूमिका निभाई थी। जिससे उसे जेल जाना पड़ा था। अब सीबीआइ ने इन दोनों वकीलों की काल डिटेल खंगालने के साथ इनसे भी पूछताछ की तैयारी की है।


