बाँदा (सं.भा.)। केन-बेतवा गठजोड़ परियोजना को लेकर सरकारें जरूर उत्साहित हैं कि किसानों की सिचाई समस्या खत्म हो जाएगी। लेकिन जमीनी स्तर पर बहुत से लोग इससे इत्तेफाक नहीं रखते हैं। उनका मानना है कि बांध से थोड़ा-थोड़ा पानी बीच-बीच में छोड़ा जाएगा तो अविरल बहने वाली जलधारा कैसे कायम रह सकेगी। फिर तो प्रकृति की देन नदी पूरी तरह से नहर बनकर रह जाएगी। जिसमें मानव मंशा के अनुसार ही जलधारा आती-जाती रहेगी।
एमपी के जनपदों के साथ-साथ बांदा में केन नदी को जीवनदायिनी की संज्ञा दी जाती है। पेयजल, खनिज के साथ-साथ यह किसानों को भी कई तरह से लाभांवित करती है। वहीं पहाड़ी इलाके से आने के चलते इसका पानी भी स्वच्छ और शुद्ध माना जाता है। अब केंद्र सरकार ने नहरों के माध्यम से इसे बेतवा से जोड़ने का मसौदा तैयार किया है। जिसके चलते एमपी सीमा में ही बड़ा बांध बनाने का प्रावधान है। उसी बांध से नहरें निकालकर छतरपुर, महोबा होते हुए झांसी के बरुआ सागर में बेतवा से जोड़ा जाएगा। सिचाई विभाग के मुख्य अभियंता के अनुसार नहरों में पानी छोड़ने के साथ-साथ थोड़ा-थोड़ा पानी केन में भी छोड़ा जाएगा। जिससे केन बांदा जनपद में भी जीवित बनी रहेगी। जनपद के पर्यावरण से जुड़े व अन्ना की कोर टीम के सदस्य रहे रामबाबू तिवारी का कहना है कि पर्यावरण व प्रकृति की देन केन नदी अब प्राकृतिक रूप से नहीं बल्कि मानव सोंच के हिसाब से बहेगी। यदि ऐसा होगा तो फिर इसे नदी कहना बेमानी होगा। नदियां तो प्रकृति की मंशा से बहती हैं न कि मानव मंशा से।
गठजोड़ होने पर प्राकृतिक नहीं मानव मंशा से बहेगी केन
RELATED ARTICLES


