मुंबई (सं. भा.)। म्हापा की लॉटरी में विधायक व सांसदों के लिए अत्यल्प श्रेणी में घर आरक्षित करने के खिलाफ मुंबई हाई कोर्ट में याचिका दाखिल हुई है। याचिका कर्ता ने कोर्ट से म्हाडा की लॉटरी में नेताओंका आरक्षण रद्द करने की मांग की है। याचिका कर्ता मितेश ने १९ अगस्त को निकलने वाली म्हाडा की सबसे बड़ी लॉटरी को रद्द करने की मांग कोर्ट से की है। मितेश के अनुसार म्हाडा ने लॉटरी में विधायकों व सांसदों के लिए अत्यल्प वर्ग में घर आरक्षित किए गए है।
उच्च न्यायालय में दायर हुई याचिका
जबकि सभी विधायक व सांसदों की आर्थिक स्थिति बेहद अच्छी होती है इस वजह से म्हाडा की लॉटरी में अत्यल्प वर्ग की श्रेणी में विधायक व सांसदों के लिए घर आरक्षित करना गलत है। साथ ही मितेश में अल्प वर्ग के घरों की कीमत अत्यल्प वर्ग से अधिक तय करने का आरोप म्हाडा पर लगाया है। हाई कोर्ट इस मामले की सुनवाई दो सप्ताह बाद करेगी। याचिका कर्ता ने कोर्ट से लॉटरी की खामियां दूर होने तक लॉटरी की प्रक्रिया पर रोक लगाने को मांग की है। म्हाडा घरों के लिए लोगों से ऑनलाइन आवेदन मंगवाने की प्रक्रिया शुरु कर चुका है। रोजाना सैकड़ों लोग म्हाडा के घरों के लिए आवेदन कर रहे हैं। म्हाडा के घरों में विधायक, सांसद, केंद्रीय, राज्य और म्हाडा कर्मियों के लिए १३ प्रतिशत घर आरक्षित होते है। म्हाडा का कोंकण बोर्ड १९ अगस्त को ९ हजार १८ घरों की लॉटरी जारी करने वाला है। म्हाडा की लॉटरी में पीएमएवाई के ३ हजार ९३७ घरों को शामिल किया गया है।
पीएमएवाई के तहत कल्याण के शिरढोण में १ हजार ९०५ और खोणी में २ हजार ३२ घरों का निर्माण किया गया है। म्हाडा ने अत्यल्प वर्ग के लिए मीरा रोड, बालकूम (ठाणे), कल्याण, मौजे उंबाली (अंबरनाथ) में ४ हजार ४५५ घर बनाए हैं। जबकि अल्प श्रेणी के लिए ४ हजार ३४१ घर मीरा रोड, ठाणे, विरार, कल्याण और मध्यम वर्ग के लिए ठाणे, रत्नागिरी, मीरा रोड में २१५ और उच्च श्रेणी के लिए मीरा रोड, सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी में ७ घर बनाए हैं।


