कानपुर (सं. भा.) : भाजपा के फायर ब्रांड मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षियों पर चौतरफा शब्दबाण चलाए। बसपा के महज औपचारिक जिक्र के साथ उनके निशाने पर कांग्रेस और सपा ही रही। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धिया गिनाते हुए ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ को देश की आवाज बताया। वहीं, कांग्रेस और सपा पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद, आतंकवाद के साथ का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि चोरों को चांदनी रात अच्छी नहीं लगती।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को घाटमपुर में अकबरपुर प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले और कानपुर में प्रत्याशी सत्यदेव पचौरी के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल में मोदी सरकार ने देश की अपेक्षा के अनुसार काम किया, इसलिए देश मोदी को फिर प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है। पांच साल किसी सरकार के लिए बड़ा कार्यकाल नहीं है, लेकिन कांग्रेस के शासन को याद करें तो मन करता है कि पांच साल से 55 साल की तुलना हो ही जाए। योगी ने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद और परिवारवाद देकर देश को अराजकता में झोंक दिया। राहुल गांधी को दोहरे चरित्र का बताते हुए बोले, वह विदेश जाकर अपना नाम राहुल विंसी बताते हैं। अमेठी के नामांकन से पहले हवन करते हैं और वायनाड में चांद-सितारों वाला हरा कपड़ा ओढ़ते हैं।
कांग्रेस में औद्योगिक विकास ठप होने की तोहमत कांग्रेस, सपा और बसपा पर लगाई। भाजपा सरकार की योजनाएं गिनाने के साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरे दलों ने कई त्योहारों पर रोक लगा दी थी। हम मानते हैं कि हर जाति-मजहब की आस्था का सम्मान सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सपा को गुंडों की पार्टी और आतंकियों का हमपरस्त बताया। मंच पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना भी थे। इस मौके पर कानुपर देहात के जिला मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा, सतीश शुक्ला भी मौजूद रहे।


