मुंबई (संवाददाता)। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे व युवासेना अध्यक्ष आदित्य ठाकरे की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। राज्य गुप्तचर विभाग की रिपोर्ट के आधार पर गृह विभाग ने दोनों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। उद्धव की सुरक्षा जेड श्रेणी से बढ़ा कर जेड प्लस कर दी गयी हे। आदित्य की सुरक्षा को एक्स से बढ़ा कर वाई प्लस कर दिया गया है।
गुप्तचर विभाग द्वारा ठाकरे परिवार की सुरक्षा से सम्बंधित रिपोर्ट दिए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से यह फैसला लिया गया है। हालांकि इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि उद्धव व आदित्य की जान को किनसे खतरा है। जेड प्लस कैटगरी में ३६ सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं। इनमें १० एनएसजी व एसपीजी कमांडो के अलावा पुलिस बल के लोग होते हैं। सुरक्षा के पहले घेरे की जिम्मेदारी एनएसजी की होती है,जबकि दूसरे घेरे में एसपीजी के अधिकारी होते हैं। इनके अलावा सुरक्षा दस्ते में आईटीबीपी व आरपीएफ के जवान भी –सुरक्षा में तैनात होते हैं।


