पाठक बन्धु, आज समय की आवश्यकता है कि एक ‘भारतीय’ की तलाश की जाय! चौकिये मत इसके पूर्व ही ‘महाभारत’ टी वी सीरियल के स्क्रिप्ट कार डा. राही मासूम रजा साहब भी अपने अनूठे एवं उत्कृष्ट उपन्यास ‘आधागांव’ के प्रस्तावना अभिलेख में यह चिंता प्रकट कर चुके हैं। उन्होंने लिखा है, ’इस समय भारत में हिंदू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई, पारसी एवं अन्य संप्रदाय के लोगों की ही संख्या वृध्दि हो रही है, यदि यही हाल रहा तो भारतीय कहां से आयेंगे?“ उनकी यह चिंता अकारण ही नहीं कही जा सकती। उनके कार्यकाल से अब तक यह संगठन एवं विघटन की प्रक्रिया अनवरत जारी है। वर्तमान समय में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। मात्र राजनैतिक क्षेत्र (जीवन) का अवलोकन करें तो भी डॉ. राही मासूम रजा की चिंता शतप्रतिशत समसामयिक प्रतीत होती है। यूं इन राजनैतिक दलों के नाम का स्मरण न किया जाय तो बेहतर होगा, क्यों कि इनके नाम व प्रमुख पात्र ही जुदा-जुदा हैं, इसके उपरांत भी इनके कार्यो में, इनकी सोच में पर्याप्त समानतायें भी परिलक्षित होती हैं। किंतु खेद है कि इनके राजनैतिक चोचले मात्र पार्टी एवं कुछ ही पार्टी जनों के हित में हैं। देश या देश वासियों की हित-कल्पना का सर्वदा अभाव प्रतीत होता है।
‘नवभारत टाइम्स्’ के प्रमुख संपादक डॉ. विद्या निवास मिश्र, जो अपने आप में एक कुशाग्र दार्शनिक के रुप में भी विख्यात रहे हैं, एक ‘वैचारिक गोष्ठी’ में विषय था कि ‘विदेशी संचार माध्यमों का भारतीय संस्कृति पर आक्रमण’ की रोकथाम कैसे की जाय? इस विषय पर सभी सम्मानित विद्वानों ने अपने-अपने विचार एवं उपाय प्रस्तुत किये कि बच्चों को इस तरह का अश्लीलता प्रसारित करने वाले माध्यमों से परहेज कराया जाय! किंतु डॉ. विद्या निवास मिश्र के प्रस्तुत विचार ने सभी चर्चाओंपर विराम लगा दिया था, उन्होंने संस्कृति (culture) के संबंध में सभी उपस्थित मान्यवरों की अवधारणाओंमें हलचल मचा दी थी। डॉ. मिश्र ने कहा था कि सर्वाधिक चिंता का विषय तो यह है कि हम मानवीय संस्कृति को एक सीमा, समय एवं क्षेत्र के दायरे में रख कर देखने के अभ्यस्त हैं। सम्पूर्ण विश्व में एक ही संस्कृति है, मानव संस्कृति ( Human culture) जो एक अक्षुण व निरंतर धारा है और यह समस्त मानव समाज के हृदय में प्रवाहित है! एक रुप, रंग, मन, एवं गति की है। संस्कृति एक अक्षुण चिरंतन धारा है जिस पर मानव मात्र का कोई नियंत्रण नहीं। अदृष्य भाव भूमि है, मानव को धारण किये है। इसी का प्रभाव है कि जो मानव को विश्व स्तर पर समान किये हुए है। यह है कि जो देश- देशांतर में लोगों में विभिन्नतायें परिलक्षित होती हैं, वे देश, काल, परिस्थिति के अनुरुप मानव समाज की सभ्यताएं हैं, जो उनके रहन-सहन से प्रभावित होती रहती हैं। सभ्यता में ही सुधार संभव है किंतु इस अखण्ड -धारा संस्कृति में नहीं।
यह सत्य ही प्रतीत होता है कि किसी भी परिस्थिति, भौगोलिक स्थिति एवं वातावरण का व्यक्ति हो अपने माता-पिता, गुरु एवं श्रेष्ठ जनों का सम्मान अवश्य करता है। वर्तमान राजनैतिक संस्कृति भी वैसी ही है, इसमें धुवीकरण एवं विघटन की प्रक्रिया को कोई रोक नहीं सकता क्यों कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व से प्रभावित होती है। यही कारण है कि किसी राजनैतिक दल की शक्ति बढ़ने लगती है क्योंकि अपने-अपने स्वार्थानुसार लोग उसमें सम्मिलित होने लगते हैं। तो दूसरे राजनैतिक दल की शक्ति बिखरने लगती है तथा अपने हित साधन की अपेक्षा न पूर्ण होने से अनेक राजनेताओंका उस दल से मोहभंग होने लगता है तथा वे उस दल को तलाशने लगते हैं, जहां उनकी अपेक्षाओंके पूर्ण होने की पर्याप्त संभावनायें दृष्टिगत होती हैं। इन राजनेताओंके संबंध में एक रीतिकालीन कवि ने कहा भी है, ’ दिये लोभ चश्मा चखनि, जन-जन जांचत जाहिं। “ एक स्वार्थानुरक्त राजनेता का उद्देश्य किसी राजनैतिक दल, समाज या देश के हित में चिंतन एवं सर्जन नहीं होता, अपितु वह अपनी स्वार्थ सिध्दि के लिये ही इस दल से उस दल की तरफ आकर्षित होता रहता है या बंटता रहता है। यहीं दल-बदल या दल बदलुओंकी परिपाटी विकसित हुई है। वर्तमान में तो सर्व सामान्य में ऐसे राजनेता की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जो नि:स्वार्थ हो देश एवं देशवासियों के हित-चिंतन एवं राष्ट्र की समृध्दि में कोई रचनात्मक कार्य करने में रुचि रखता हो।
श्रध्देय पाठक, हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र ‘संगठन भारत’ भी इसी एक अदद ‘भारतीय’ कहलाने योग्य व्यक्ति की विगत सात वर्षो से ‘तलाश’ करता, अब अपने आठवें वर्ष ‘जीवन-यात्रा’ का शुभारंभ कर रहा है। विगत सात वर्षो की अपनी प्रकाशन यात्रा के दौरान ‘संगठन भारत’ सर्व सामान्य के हित-चिंतन एवं उनके सार्थक रचनात्मक स्वरुप में प्रस्तुत किये जाने हेतु सर्वदा प्रयत्नशील रहा है। देश-समाज जे लिए मात्र ‘दर्पण’ ही बनने का कार्य नहीं किया है, अपितु उद्वेलित-प्रेरित जनों को सम्मानित कर, उन्हें एक कुशल राजनेता व समाजसेवी बनने हेतु यथा सम्भव प्रयास भी करता रहा है। हम आधुनिकतम् संचार माध्यमों के विकास के लिए भी तत्पर रहे हैं एवं राष्ट्रप्रेमी जनों के उत्साहवर्ध्दन के लिए भी सतत प्रयत्न शील रहे हैं। ‘संगठन भारत’ ऐसे-ऐसे कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर अपने को धर्म, जाति, पंथ से ऊपर आकर, मात्र ‘भारतीय’ कहलाने की इच्छा करने वाले जनों को यथा सम्भव सम्मानित एवं पुरस्कृत कर उन्हें ‘राष्ट्रोन्मुख जीवन’ के लिए उत्साहित करने का अपने स्तर से प्रयास करता रहा हैं।
वन्धुओं, विगत सात वर्षो की ‘संगठन भारत’ की ‘प्रकाशन यात्रा’ सर्वदा ही लोकाभिमुख रही है! आप सब ने एक अकथ्य अपनत्व भरे मन से ‘संगठन भारत’ की सराहना, प्रशंसा एवं प्रेरणा प्रदान की है, जिसके लिए ‘संगठन भारत’ एवं उसका संपादकीय परिवार आप सब का आभारी है। इस आठवें वर्ष भी आपका स्नेह इसे मिलता रहेगा ऐसी ‘संगठन भारत’ की अपेक्षा है! नमन…धन्यवाद!
सत्यमेव जयते! जयभारत! वंदे मातरम् !
-संपादक


