भदैंया (सं. भा.) : विकास खंड के अभियाखुर्द गांव मे उफनाई बभनगंवा माइनर रात एक बजे कट गयी। इससे दर्जनों बीघे फसल जहां डूब गयी वहीं पर पानी गांव व घरों तक पहुंच गया ।
रामगंज रजबहा से निकली बभनगंवा माइनर शनिवार की रात करीब एक बजे अभियाखुर्द गांव के पास कट गयी। अभियाखुर्द गांव को जाने वाले नहर के पुल मे मलवा फंसने से पानी का दबाव बन गया। जिसके चलते पहले कटी पटरी से ओमप्रकाश शुक्ल, विजय शंकर, कृष्णकुमार आदि के खेतो में पानी जाने लगा। फिर पानी के दबाव से नहर की दक्षिणी पटरी गांव की ओर कट गयी। पटरी कटते ही पानी जोखई पांडेय, राम अछैबर, स्वामीदीन, सुरेश कुमार, श्याम नरायन, गुरूदीन विश्वकर्मा, कृष्ण देव श्री देव देव नरायन, राम सिकंदर, राममूर्ति व शिवमूर्ति के खेतों से होकर गांव व घरों तक पहुंच गया । पानी के प्रकोप से दर्जनों बीघे गेंहू, सरसों, आलू आदि की फसलें नष्ट हो गयी । ग्रामीण नहर कटने की जानकारी होते ही दौडे़ तथा रात भर फावड़ा लेकर नहर बांधने की मशक्कत करते रहे। फोन पर जानकारी देने पर नहर का पानी बंद करवाया गया। लेकिन पानी सुबह तक कम हुआ तब तक गांव के घरो तक पानी घुस गया है । सुबह ग्रामीण खेतों से पानी निकालने को जूझते दिखे। अवर अभियंता नहर रविवार की दोपहर को पहुंचकर मजदूरों से पटरी की मरम्मत करने को जुटे हैं। लेकिन किसानो के नुकसान की भरपाई कैसे होगी यह बताने वाला कोई नही है।


