उन्नाव (सं. भा.) : माखी दुष्कर्मकांड में सीबीआइ के मुख्य गवाह यूनुस की मौत को लेकर छाए संशय के बादल छंट गए। एसपी के मुताबिक फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में मौत की वजह बीमारी बताई गई।
माखी में किशोरी से हुए दुष्कर्म मामले में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर आरोपित हैं। इस मामले में यूनुस सीबीआइ के प्रमुख गवाह थे। बीती 18 अगस्त को उनकी मौत हो गई, जिस पर शव कब्रिस्तान में दफना दिया गया था। कुछ दिन बाद ही दुष्कर्म पीड़िता के चाचा ने यूनुस की मौत पर संदेह जताकर एसपी से शव के पोस्टमार्टम की मांग की थी। यूनुस की पत्नी ने बीमारी से मौत बताकर कब्र से शव निकालने पर आपत्ति जताई थी। परिजन के विरोध के बीच पुलिस ने शव निकलवा पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तीन डाक्टरों के पैनल से कराए गए पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने से बिसरा सुरक्षित किया था। पुलिस ने बिसरा जांच को विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ भेजा था। रविवार को एफएसएल ने अपनी रिपोर्ट एसपी को भेजी। एसपी हरीश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट में बीमारी से ही मौत की पुष्टि हुई है। उच्चाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई है।


