मुंबई (सं. भा.)। कांग्रेस विधायक असलम शेख ने मालाड के गावठन इलाके को मुंबई के डेवलपमेंट प्लान में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा मुंबई के सबसे पुराने निवासी कोलीवाड़ा व गावठन में रहते हैं, लेकिन डीपी प्लान में उनकी अनदेखी की गई है। शेख ने कहा कि अभी तक गावठन इलाके में सड़क व अन्य विकास के लिए बीएमसी से सहायता राशि मिलती थी, लेकिन नए डीपी प्लान के बाद यह बंद हो जाएगी। ऐसे में यहां के लोग अधर में लटक जाएंगे।
विकास के मामले में मालाड पश्चिम का मढ़, आक्सा, मालवणी, मार्वे, मनोरी, खारोडी, धारीवली, राठोडी का गावठन इलाका उपेक्षित रहा है। मढ व मनोरी में बीएमसी का कोई अस्पताल नहीं है। शेख ने इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से दखल देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने २०११ तक के झोपड़ा मालिकों को घर देने की घोषणा की है, लेकिन मुंबई के असली भूमिपुत्रों को नजरअंदाज कर रही है।


