spot_img
Homeउत्तर प्रदेशमौसम का बदला मिजाज, ठंड का हुआ आगाज

मौसम का बदला मिजाज, ठंड का हुआ आगाज

बांदा (सं. भा.) : पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर अब बुंदेलखंड में भी दिख रहा है। छुट्टी के दिन जब लोगों की नींद खुली तो आसमान बादलों से घिरा नजर आया। धूप न निकलने से हवाओं के साथ नवंबर के दूसरे पखवारे में लोगों को तेज ठंड का आभास हुआ।
आमतौर पर नवंबर ठंड के मौसम का महीना है। अभी तक गुलाबी ठंड का ही असर रहा लेकिन रविवार की सुबह यकायक मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर तक धूप ठीक से नहीं निकल पाए। हालांकि बाद में लुकाछिपी के बीच आसमान कुछ साफ हुआ तो धूप भी निकली लेकिन थोड़ी ही देर बाद फिर बादल छा गए। ऐसे में दिनभर लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा। देखा जाए तो नवंबर का दूसरा पखवारा शुरू है। अभी तक हल्की ठंड रही जिसके चलते कुछ लोगों में यह चर्चा भी रही कि अबकी बार ठंड का मौसम देर से चल रहा है। लेकिन पहाड़ों में बर्फबारी के चलते अब मौसम का मिजाज बदल चुका है। माना जा रहा है कि आगे भी यही स्थिति रही तो जल्द ही ठंड रफ्तार पकड़ लेगी। ठंड का आगाज तेज होते ही लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए। अभी तक दिन में बहुत कम ही लोग गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करते नजर आते रहे लेकिन दिन में वह बात नहीं रही। ज्यादातर लोग स्वेटर व जैकेट पहनकर ही निकले। उधर ग्रामीण क्षेत्रों में रबी की किसानी का काम चल रहा है। बताते हैं कि सुबह जब लोग खेतों में काम को निकले तो मौसम ठंडा होने के चलते उन्हें गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com