बांदा (सं. भा.) : युवा जिला उद्योग व्यापार मंडल ने यूपीएसआईडीसी के आवंटित प्लाटों के निरस्तीकरण आदेश पर विरोध जताया है। कहा कि प्लाटों में पानी भरा हुआ है। अधिकारियों की लापरवाही से वे उद्योग नहीं लगा पा रहे हैं। पदाधिकारियों ने पालीथिन के उत्पादन पर रोक लगाने की मांग की।
संगठन अध्यक्ष अमित सेठ भोलू की अगुवाई में डीएम डीपी गिरि को दिए ज्ञापन में कहा है कि उद्योग बंधु की बैठक व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण को विभागीय अधिकारी मौजूद नहीं रहे। इससे उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो सका है। अध्यक्ष ने कहा कि यूपीएसआईडीसी के आवंटित प्लाटों को निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है। जबकि व्यापार मंडल कई सालों से यहां पर पानी भरा होने और नाली के संबंध विभागीय अधिकारियों को अवगत करा रहा है। लेकिन अधिकारियों के उद्योग बंधु की बैठक में नदारद रहने से समस्याएं नहीं हल हो पाती। समस्याओं के कारण वे उद्योग नहीं लगा पा रहे हैं। ऐसी स्थित में प्लाटों का निरस्तीकरण करना न्यायोचित नहीं है। व्यापारी नेता कमलेश चौरसिया ने कहा कि पालीथिन पर प्रतिबंध सराहनीय कदम है। लेकिन इसके उत्पादन पर भी प्रभावी रोक लगानी होगी। कार्यशालाओं का आयोजन कर व्यापारियों को जागरूक किए जाने की भी मांग की। इस दौरान अशोक कुमार भागवनी, अशोक कुमार गुप्ता, सुरेश कान्हा समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे।


