मुंबई (सं. भा.) उच्च आय वर्ग के लोगों को म्हाडा के महंगे घर पसंद नहीं आ रहे हैं. आलम यह है कि म्हाडा के छोटे घरों के लिए करोड़ों रुपए भरने से लोगों ने इंकार कर दिया है. वर्ष 2017 के म्हाडा लॉटरी विजेताओं में से 29 लोगों ने म्हाडा के घर नहीं लेने का फैला लिया है. विजेताओं ने घर के पैसे भरने में असमर्थ की बात कहते हुए घर लेने से मना कर दिया है.
वर्ष 2017 की लॉटरी में म्हाडा ने उच्च वर्ग के 36 घरों को शामिल किए थे. इसके तहत लोअर परेल परिसर में 365 स्क्वेयर फुट के घर की कीमत 1 करोड़ 42 लाख रुपए व 475 स्क्वेयर फुट के घर की कीमत 1 करोड़ 96 लाख रुपए निर्धारित की गई थी. लोअर परेल के 36 लॉटरी विजेताओं में से 29 लोगों ने म्हाडा के घर नहीं लेने का फैसला लिया है. इसके के साथ म्हाडा के पवई में 1 करोड़ 39 लाख 5 हजार की कीमत वाले घरों के भी विजेताओं ने म्हाडा को घर लौटा दिया है. वर्ष 2017 में म्हाडा ने विभिन्न इलाकों में 819 घरों की लॉटरी घोषित की थी. इसमें पवई तुंगा के भी 168 घरों को शामिल किया गया है.


