फतेहपुर (सं. भा.)। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की बुरी स्थिति पर मीडिया ट्रायल के बाद अंत्त्वोगत्वा प्रशासन की तनी भृकुटियों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने आनन फानन में कार्यवाही करते हुए चार नर्सिंग होम को सीज कर दिया है। जिनमें तीन मुख्यालय के हैं, और एक असोथर कस्बे का बताया जाता है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार जनपद में सैकड़ों की तादात में फर्जी नर्सिंग होम मौत बाटने का काम करते रहे हैं। क्योंकि इन पर नियंत्रण की ज़िम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होती है और वह इस मद में गंभीर नहीं हैं, नतीजतन हालात बिगड़ना लाज़िमी हैं। संचालित इन फर्जी नर्सिंग होम में घटनाएं बढ़ने से प्रशासन पर भी उंगलियां उठती रही हैं। ऐसे में शुरु हुए मीडिया ट्रायल के बाद अचानक प्रशासन हरकत में आया और चार नर्सिंग होम सीज कर दिए गए।
ख़बर है कि डीएम अपूर्वा दुबे के निर्देश पर आज मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसपी जौहरी, अपनी टीम के साथ तांबेश्वर इलाक़े में संचालित न्यू विकास नर्सिंग होम, अदिति नर्सिंग होम, भारत नर्सिंग होम एवं असोथर कस्बे के जय मां वैष्णो पाली क्लीनिक पर छापा मारकर संतोषजनक हालात और प्रपत्र न मिलने पर सीज कर दिया। डा. जौहरी ने बताया कि चार नर्सिंग होम को सीज किया गया है। इनके संचालकों को नोटिस भेज कर प्रपत्र मांगे गए हैं। बताया कि संतोषजनक ज़वाब एवं आवश्यक प्रपत्र न उपलब्ध करा पाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जायेगी। वहीं न्यू विकास नर्सिंग होम के वायरल वीडीओ पर बताया कि जाच हो रही है।


