मुंबई (सं. भा.)। कोरोना महामारी के दौरान महंगाई आसमान छू रही है। पेट्रोल और डीजल भी लगातार अपनी कीमत में आग लगा रहे हैं। कार चालक ही नहीं अब तो महंगी हुई पेट्रोल के कारण बाइक चालकों के भी अच्छे दिन नही रहे। मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत ९९.४९ रुपए पहुँच चुकी है। यानी सेंचुरी बनाने में पेट्रोल महज ५१ पैसे हीं कम रह गया है।
गौरतलब है कि तेल कंपनियों ने एक महीने में ईंधन की दरों में 12वीं बार बढ़ोतरी करते हुए पेट्रोल 17 पैसे और डीजल 29 पैसे महंगा कर दिया है। इस वजह से मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 100 रुपए के बेहद नजदीक जा पहुंची है।
मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 99.49 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 91.30 रुपए प्रति लीटर जा पहुंची है। महाराष्ट्र सहित मध्यप्रदेश और राजस्थान में कुछ जगहों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपए प्रतिलीटर जा पहुंची है। वैट और ट्रांसपोर्ट की कीमत के अनुसार अलग-अलग राज्यों में डीजल और पेट्रोल की कीमत अलग-अलग होती है। राजस्थान में सबसे अधिक वैट वसूला जाता है, इसके बाद मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में सबसे अधिक वैट लगता है।


