spot_img
Homeउत्तर प्रदेशघने कोहरे से पलटी बस, एक जायरीन की मौत, 11 जख्मी

घने कोहरे से पलटी बस, एक जायरीन की मौत, 11 जख्मी

सुलतानपुर (सं.भा.) : घने कोहरे के चलते लखनऊ-वाराणसी हाइवे पर रविवार को भोर में भीषण हादसा हो गया। कोलकाता (हावड़ा) से जायरीनों के जत्थे को लेकर अजमेर शरीफ जा रही बस कुड़वार थाना क्षेत्र के असरोगा में सड़क किनारे खांईं में पलट गई। हादसे में एक जायरीन की मौके पर ही मौत हो गई और 11 लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से गत 12 जनवरी की शाम 63 सदस्यीय जायरीनों का जत्था अजमेर शरीफ जाने के लिए निकला था। रविवार की रात घना कोहरा पड़ने लगा तो चालक ने जौनपुर-सुलतानपुर जिले के सीमावर्ती इलाके में वाहन को एक ढाबे पर खड़ा कर दिया। करीब एक घंटे के बाद जत्था संचालक शेख अब्दुल्ला ने रास्ते में देवा शरीफ (बाराबंकी) मजार पर मत्था टेकने की बात कहते हुए चालक से यात्रा जारी करने को कहा। बस सुबह करीब चार बजे असरोगा पॉवर हाउस के सामने घने कोहरे की वजह से अनियंत्रित होकर खांई में पलट गई। हादसे में बावर्ची शेख अब्दुल कलाम (65) पुत्र शेख अकबर निवासी दुमगुड़ जिला हावड़ा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि हैदर तरफदार (32) पुत्र नूर इस्लाम, हुस्न आरा (60) पत्नी रासिद अली निवासी सरकई, खतीजा बेगम (50) पत्नी रफीक अहमद खान, बेलाल हुसैन (55), रफीक अहमद खान (63), शबीना (40), गुलाम अशफिया (60), शमसुल हक (60), शेखनूर आलम (50), नासिर (45), अयूब (50) निवासीगण हावड़ा जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची कुड़वार पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हैदर, खतीजा व हुस्नआरा की हालत गंभीर बताई जा रही है। जत्थे में शामिल अन्य जायरीनों को जिला अस्पताल के रैन बसेरे में रोका गया है। मृतक के भतीजे बेलाल ने दुर्घटना की सूचना परिवारीजनों को दे दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com