उन्नाव (सं.भा.) : रोक के बाद भी कैदी और बंदियों को जेल में मोबाइल सुविधा मिल ही जाती है। जिससे वह वहीं बैठे-बैठे घटनाओं को अंजाम दे देते हैं। प्रदेश भर की जेलों में मोबाइल प्रयोग में लाने की शिकायतें मिलती रहती हैं और अक्सर छापेमारी या निरीक्षण में मोबाइल फोन बरामद भी होते हैं। अब जेल की व्यवस्थाओं पर गंभीर हुई प्रदेश सरकार ने जेल में मोबाइल पर प्रतिबंध लगाने के लिए जैमर लगाने का निर्णय लिया है।
राज्य के 72 जिलों में जैमर लगाने को हरी झंडी मिली है। उन्नाव को इसके लिए दूसरे चरण में रखा गया है। जैमर लगने के बाद जेल कर्मी और अधिकारी भी मोबाइल का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। इन्हें लैंडलाइन से ही काम चलाना होगा।
उन्नाव जिला कारागार में पूर्व में मोबाइल फोन की उपयोगिता को लेकर बड़ा खुलासा हो चुका है। जेल के अंदर बंदियों और कैदियों को मोबाइल सुविधा आसानी से मिल जा रही थी। एसके एवज में जेल कर्मी अपनी जेब गर्म करते थे। खुलासा होने के बाद जेल प्रशासन को सख्त होना पड़ा और चली रही मनमानी पर अंकुश लगता दिखाई देने लगा। हालांकि अंदर ही अंदर अभी भी जेल में मोबाइल का प्रयोग होने की बात सुर्खियों में रहती है। और तो और मोबाइल प्रयोग करने वाले बंदी ही जमानत पर बाहर आने के बाद जेल में मिलने वाली सहूलियतों का पर्दाफाश करते हैं। यह समस्या उन्नाव की ही नहीं बल्कि प्रदेश भर की ज्यादातर जेलों में है। शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया है।
प्रदेश के 72 जिलों के कारागार में जैमर लगाने की तैयारी चल रही है। प्रथम चरण का कार्य पूरा होने की कगार पर है। द्वितीय चरण में उन्नाव भी शामिल है। जैमर लगाए जाने के बाद जेल में मोबाइल काम करना बंद कर देगा। बंदियों और कैदियों के साथ अब अधिकारी और कर्मी भी जेल में मोबाइल का प्रयोग नहीं कर पाएंगे। अभी तक अधिकारियों की नजर से बचते हुए कर्मी चोरी छिपे मोबाइल का प्रयोग कर लेते थे।
जेल अधीक्षक एसके सिंह की माने तो एक जैमर 50 मीटर की दूरी कवर करता है। जिला कारगार में 12-13 जैमर लगने के बाद ही पूरा एरिया प्रतिबंधित होगा। बताया कि प्रथम चरण का कार्य चल रहा है जो अंतिम छोर पर है। एक चरण में 20-25 जिलों के कारागार को शामिल किया गया है। दूसरे चरण में उन्नाव भी शामिल है। जल्द यहां भी जैमर लगाए जाएंगे। जैमर लगने के बाद जेल में लैैंडलाइन का ही प्रयोग हो सकेगा।


