सुल्तानपुर (सं. भा.) । प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत दूबेपुर क्षेत्र में बनाए जा रहे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज व सद्भाव मंडप के निर्माण में बजट की कमी रोड़ा बनी है। दोनों निर्माण कार्यों के लिए मिली धनराशि खर्च हो जाने के बाद कार्यदायी संस्था ने काम बंद कर दिया है। संस्था की ओर से दोनों कार्यों को पूरा करने के लिए अभी करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की और मांग की जा रही है।
प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक बाहुल्य के तहत दूबेपुर व कुड़वार विकास खंड का चयन किया गया है। शासन के निर्देश पर दूबेपुर के बिकना गांव को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के निर्माणके लिए चुना गया। शासन ने निर्माण के लिए चार करोड़ 18 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए पहली किस्त के रूप में डेढ़ करोड़ रुपये भी आवंटित कर दिए। धनराशि मिलने के बाद कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य शुरू किया। पहली किस्त की राशि से कार्य पूरा करने के बाद कार्यदायी संस्था ने शेष करीब दो करोड़ 68 लाख रुपये की मांग विभाग से की। इसी तरह दूबेपुर विकास खंड के हसनपुर ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री जनविकास योजना के तहत दो करोड़ 34 लाख रुपये से सद्भाव मंडप के निर्माण की स्वीकृति देने के साथ शासन से निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपये निर्गत किए गए थे।

सद्भाव मंडप के लिए मिली धनराशि भी खर्च हो चुकी है। दोनों योजनाओं का बजट खर्च हो जाने के बाद कार्यदायी संस्था ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को सूचना देते हुए कार्य बंद कर दिया है। कार्य बंद होने से प्रोजेक्ट के निर्माण पर संकट छा गया है। विभाग के मुताबिक मंडप निर्माण के लिए अभी एक करोड़ 84 लाख व राजकीय इंटर कॉलेज के लिए शेष रकम दो करोड़ 68 लाख चाहिए। दोनों कार्यों के लिए चार करोड़ 52 लाख रुपये मिलने पर आगे का निर्माण कार्य पूरा हो सकेगा।

शासन से की गई धनराशि की मांग
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुनीता चौरसिया ने बताया कि दोनों कार्यों के लिए शासन से धनराशि की मांग की गई है। धनराशि मिलते ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।


