- एमएमआरडीए जल्द नियुक्त करेगी कंसल्टेंट
मुंबई (सं. भा.) वर्सोवा-विरार सी लिंक का विस्तार पालघर तक करने के लिए डिटेल प्रॉजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के काम की शुरुआत 2024 में होगी। डीपीआर तैयार करने के लिए मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने कंसलटेंट नियुक्त करने का फैसला लिया है। दिसंबर के अंत तक कंसलटेट नियुक्त करने की प्रक्रिया, एमएमआरडीए पूरी कर लेगी। टेंडर के माध्यम से कंसलटेट के चयन की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। 22 नवंबर को प्रॉजेक्ट की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए प्री बीड मीटिंग रखी गई है। 25 दिसंबर तक इच्छुक कंपनी टेंडर भर सकती है।
जनवरी या फरवरी से डीपीआर तैयार करने के काम की शुरुआत हो जाएगी। वर्सोवा से विरार के बीच लोग बगैर ट्रैफिक में फंसे सफर पूरा कर सकें, इसके लिए वर्सोवा से विरार के बीच वैकल्पिक मार्ग के तौर पर सी लिंक का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेश के बाद विरार में खत्म होने वाले सी लिंक का विस्तार पालघर तक करने का फैसला लिया गया है। सी लिंक के बन जाने से वाहन मुंबई से पालघर तक तेजी से पहुंच सकेंगे।

तीसरा सी लिंक
वर्सोवा से पालघर तक बनने वाला सी लिंक मुबई का तीसरा लिक होगा। बांद्रा से वर्ली के बीच 5.6 किमी लंबे सी लिंक का निर्माण एमएसआरडीसी 2010 में कर चुकी है। इस ब्रिज से रोजाना हजारो वाहन गुजरते है। वहीं बांद्रा से वर्सोवा के बीच 17 किमी लंबा सी लिंक का निर्माण कार्य जारी है। 8 लेन वाले सी लिक के निर्माण पर 11332 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार की योजना तीनों सी लिंक को एक दूसरे से कनेक्ट करने की है। बांद्रा-वर्ली सी लिक, बांद्रा-वर्सोवा और वर्सोवा- पालघर सी लिंक के बन जाने से पालघर से दक्षिण मुंबई तक पहुंचना बेहद ही आसान हो जाएगा।
100 किमी लंबा सी लिंक
एमएमआरडीए ने तीसरे सी लिक का निर्माण दो फेज में करने का फैसला लिया है। फेस-1 में वर्सोवा से वसई और फेस-2 में वसई से विरार तक की योजना थी, जिसे अब बढ़ा कर पालघर तक कर दिया जाएगा। वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर चार कनेक्टर तैयार किए जाएंगे। सड़क मार्ग से वर्सोवा से पालघर की दूरी करीब 100 किमी है, सड़क मार्ग से यह सफर तय करने में करीब दो से तीन घंटे का समय लगता है। पीक आवर के दौरान यात्रा की अवधि में और इजाफा हो जाता है। ब्रिज के बन जाने से यात्रा की अवधि घटकर आधे से भी कम हो जाएगी।


