भायंदर (सं. भा.) भायंदर पश्चिम के राई गांव में स्थित जिला परिषद की सरकारी पशु उपचार केंद्र पर पिछले 5 महीनों से ताला लटक रहा है। जिला परिषद की इस केंद्र को मनपा को हस्तांतरित करने और इसे संचालित करने की जिम्मेदारी मनपा प्रशासन को देने की मांग की जा रही है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता श्रेयस सुहास सावंत ने पशु कल्याण मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल को पत्र भेजकर उक्त केंद्र को मीरा भायंदर मनपा को हस्तांतरित करने की मांग की है। जिससे इस क्षेत्र के पशुओं को इलाज से वंचित न होना पड़े। मीरा भायंदर मनपा क्षेत्र में राई गांव में जिला परिषद का एकमात्र पशु उपचार केंद्र है। सरकारी उपचार केंद्र होने के कारण यहां निःशुल्क इलाज की सुविधा है। यह ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण मुख्य रूप से कृषि प्रधान है, इसलिए यहां ग्रामीणों के पास बड़ी संख्या में बैल, गाय, भैंस, घोड़े और अन्य जानवर हैं। जिला परिषद का पशु उपचार केंद्र बंद होने से उन्हें ट्रक से दूर पालघर जिले के वाडा तालुका स्थित सरकारी केंद्र तक ले जाना पड़ता है।

बता दें कि इस से पूर्व भी उक्त केंद्र वर्ष 2011 से बंद था। इसके बाद 2017 में गैर आदिवासी सामान्य योजना के तहत 21 लाख 35 हजार 950 रुपये की लागत से केंद्र का जीर्णोद्धार किया गया। कुछ माह बाद केंद्र पुनः बंद हो गया। सामाजिक कार्यकर्ता सावंत ने जिला पशुपालन अधिकारी, जिला परिषद ठाणे, पशुधन विकास अधिकारी, ठाणे जैसे संबंधित विभाग में इसकी शिकायत की। काफी प्रयासों के बाद 21 जनवरी 2023 को जिला पशु संवर्धन अधिकारी समीर टोडणकर के आदेशानुसार जिला पशुसंवर्धन अधिकारी, पशुधन विकास अधिकारी ने राई गांव के पशु उपचार केंद्र का दौरा कर निरीक्षण किया।


