spot_img
Homeमुंबईमालाड पी उत्तर विभाग के जनता दरबार में उठा मालवणी का मुद्दा,...

मालाड पी उत्तर विभाग के जनता दरबार में उठा मालवणी का मुद्दा, मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

मुंबई(स भा): स्थानीय समस्याओं के समाधान और नागरिकों की शिकायतें सुनने के लिए शुक्रवार को मालाड (पी उत्तर विभाग) में कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढा की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक पहुंचे और अपने इलाके की समस्याओं को बेझिझक सामने रखा।

इस दौरान सबसे प्रमुख मुद्दा रहा मालवणी इलाके की बदहाल स्थिति, इस बारे में स्थानीय नागरिकों ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण, नशाखोरी और असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों पर गंभीर चिंता जताई। बैठक में विधायक संजय उपाध्याय, विधान परिषद सदस्य राजहंस सिंह, और बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

नागरिकों ने बताया कि मालवणी इलाके में हजारों अवैध निर्माण खड़े हो चुके हैं और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा लगातार बढ़ रहा है। मंत्री लोढा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “अवैध निर्माणों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और आंगनवाड़ियों सहित सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण अविलंब हटाया जाए।”

मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हालांकि, जनता दरबार के बाद इलाके में यह चर्चा भी जोरों पर रही कि मंत्री मंगल प्रभात लोढा मालवणी का कई बार दौरा कर चुके हैं, परंतु आज तक अवैध निर्माणों पर लगाम नहीं लग पाई है। लोगों के बीच यह सवाल गूंजता रहा कि क्या मनपा अधिकारी मंत्री के सामने सिर्फ “हां” करने आते हैं, और बाद में अपनी ही मनमानी करते हैं?
नागरिकों का कहना है कि अगर प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो इलाके की स्थिति और बिगड़ सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com