spot_img
Homeमुंबईडिजिटल भुगतान से बदली एसटी की तस्वीर, 4 माह में 2.24 करोड़...

डिजिटल भुगतान से बदली एसटी की तस्वीर, 4 माह में 2.24 करोड़ ऑनलाइन टिकट बिके

मुंबई (सं.भा.): महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) में डिजिटल भुगतान व्यवस्था ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ निगम की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज कराई है। सितंबर से दिसंबर 2025 के बीच एसटी ने 2 करोड़ 24 लाख 82 हजार ऑनलाइन टिकटों की बिक्री की, जिससे निगम को 303.65 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

निगम के अनुसार, चार महीने की इस अवधि में दिसंबर महीना ऑनलाइन टिकट बिक्री के लिहाज से सबसे बेहतर रहा, जब अकेले इसी महीने में 83.67 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया गया। एसटी अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों ने यूपीआई आधारित भुगतान प्रणाली को तेजी से अपनाया है, जिससे टिकट खरीद प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक सरल और तेज हो गई है।

डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू करने का मुख्य उद्देश्य टिकट लेते समय खुले पैसे को लेकर होने वाले विवादों को समाप्त करना और यात्रियों को नकद रखने की परेशानी से राहत देना था। निगम का कहना है कि यह उद्देश्य काफी हद तक सफल रहा है और प्रतिदिन लाखों रुपये के यूपीआई लेन-देन बिना किसी रुकावट के पूरे हो रहे हैं।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूपीआई भुगतान की सुविधा बस स्टेशनों, टिकट खिड़कियों और चलती बसों में कंडक्टरों के पास उपलब्ध कराई गई है। इससे न सिर्फ टिकट खरीदने में लगने वाला समय कम हुआ है, बल्कि एसटी की कार्यप्रणाली में भी पारदर्शिता बढ़ी है। एसटी प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में डिजिटल टिकटिंग का दायरा और बढ़ेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवा मिलेगी और निगम की आर्थिक स्थिति भी और मजबूत होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com