वसई (सं.भा.): वसई में पारिवारिक विवाद के चलते हुई फायरिंग की घटना ने उस समय सनसनीखेज मोड़ ले लिया, जब पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान एक जिंदा हैंड ग्रेनेड और अवैध रिवॉल्वर बरामद की। बहन को गोली मारकर फरार हुए आरोपी को मुंब्रा के एक मकान से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला केवल आपसी विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि से भी जुड़े हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि वाघरा पाड़ा, वसई निवासी पुष्पा अशोक विश्वकर्मा (42) पर गोली चलाने के मामले में आरोपी शिवदयाल विश्वकर्मा (45) को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद वह फरार हो गया था और मुंब्रा इलाके में छिपकर रह रहा था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान जब पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली, तो वहां से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड और एक देशी रिवॉल्वर बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ते की मदद से हैंड ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से जब्त किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शिवदयाल का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2018 में उसने मुंबई के पंतनगर इलाके में अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी, जिसके बाद वह जेल में बंद था। जेल में रहते हुए उसने अपनी बहन पुष्पा से अदालत की पेशियों और जमानत से जुड़े खर्चों के लिए डेढ़ से दो लाख रुपये की मांग की थी और रिहा होने के बाद रकम लौटाने का भरोसा दिया था।
बताया जा रहा है कि इसी पैसों के विवाद को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया, जो बाद में हिंसक घटना में बदल गया और आरोपी ने अपनी ही बहन पर गोली चला दी। फिलहाल घायल महिला का उपचार जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास हथियार और हैंड ग्रेनेड कहां से आए। मामले की जांच गंभीर धाराओं में की जा रही है।


